तीन दिवसीय तामिया सावन महोत्सव का भव्य समापन, पर्यटकों में दिखा जबरदस्त उत्साह
डिस्कवर तामिया' फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेता नीरज पुसाम, मयंक, अमित, सौरभ और राहुल हुए सम्मानित
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय 'तामिया सावन महोत्सव' का रविवार को रंगारंग समापन हो गया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन ने कहा कि तामिया में दूर-दूर से आए पर्यटकों की सहभागिता से स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। होम-स्टे जैसी पहलों से ग्रामीणों की आय बढ़ रही है, जिससे गांव तरक्की की ओर अग्रसर हैं। सरकार का लक्ष्य पर्यटन के जरिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
सांस्कृतिक गतिविधियां, ट्रेकिंग और सेल्फी का बढ़ा क्रेज
21 से 23 अगस्त तक चले इस महोत्सव के अंतिम दिन पर्यटकों का भारी हुजूम उमड़ा। दूर-दराज से पहुंचे पर्यटकों ने ट्रेकिंग, एडवेंचर, झूलों और सेल्फी पॉइंट पर प्राकृतिक खूबसूरती का जमकर लुत्फ उठाया। जिला पंचायत सीईओ श्री अग्रिम कुमार ने पर्यटन ग्रामों में किए जा रहे नवाचारों और ग्रामीण विकास की योजनाओं की जानकारी साझा की।
विजेता और सहयोगी हुए सम्मानित
आयोजन के दौरान 'डिस्कवर तामिया' फोटोग्राफी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट फोटोग्राफी के लिए प्रतिभागी नीरज पुसाम, मयंक यादव, अमित यादव, सौरभ वर्मा और राहुल मर्सकोले को सम्मानित व पुरस्कृत किया गया। साथ ही महोत्सव को सफल बनाने वाले सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया गया।
गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, जनपद अध्यक्ष तुलसा परतेती, जुन्नारदेव एसडीएम सुश्री राजनंदनी ठाकुर, टूरिज्म बोर्ड की वरिष्ठ प्रबंधक श्रीमती गायत्री जोशी, परियोजना अधिकारी श्री आर.डी. सिद्दीकी, सुश्री सरिता टोपो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

.jpeg)