रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा छिंदवाड़ा से शुरू किए गए 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान' के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। शुक्रवार, 07 अगस्त 2026 को आयोजित जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में जनहित की लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करते हुए गंभीर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के मुख्य बिंदु
CMHO निलंबित: प्रसूति सहायता योजना के मामलों में बड़ी लापरवाही और पोर्टल त्रुटियों के चलते मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. नरेश गुन्नाडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
तहसीलदार और पटवारी पर गाज
पीएम किसान सम्मान निधि योजना में गलत प्रतिवेदन देने और किसान का पंजीयन न करने पर परासिया की तहसीलदार सुश्री सुनैयना ब्रहो और हल्का पटवारी सिद्धांत साहू को निलंबित किया गया। साथ ही पीड़ित महिला को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए गए।
वेतन वृद्धि इन्क्रीमेंट रोकी गई
अनुग्रह सहायता राशि में 4 साल का विलंब करने पर जनपद पंचायत चौरई के सीईओ तरुण राहांगडाले और तत्कालीन श्रमपदाधिकारी धम्मदीप भगत की एक-एक वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी गई।
इसके अलावा राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्ती में 8 महीने की देरी पर चौरई तहसीलदार उमराज वालरे और संबंधित पटवारी का भी एक इन्क्रीमेंट रोका गया।
SDO को कारण बताओ नोटिस
आदेश के बावजूद 8 महीने तक पालन न करने पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चौरई, प्रभात मिश्रा को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
मत्स्य संपदा योजना योजना के तहत रोकी गई अनुदान राशि का आवेदिका भावना डहेरिया को तत्काल भुगतान करने के निर्देश सहायक संचालक (मत्स्य) को दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि योजनाओं के क्रियान्वयन और जन-शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गलत रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


