रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान क्षेत्र के प्रमुख सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आधुनिक दौर में सोशल मीडिया की भूमिका और इसकी जन-संचार में बढ़ती महत्ता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा, "आज के आधुनिक युग में सोशल मीडिया जन-जन तक तेज़ी से अपनी बात पहुंचाने का एक बेहद सशक्त और प्रभावी माध्यम बन चुका है। सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान में डिजिटल प्लेटफॉर्म्स की भूमिका निर्णायक है।"
मुख्यमंत्री ने इंफ्लूएंसर्स से आह्वान किया कि वे अपनी रचनात्मकता और व्यापक पहुँच का उपयोग समाज में सकारात्मक बदलाव लाने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने और क्षेत्रीय पर्यटन व संस्कृति को बढ़ावा देने में करें। उन्होंने डिजिटल मीडिया के माध्यम से फैलाई जाने वाली भ्रामक खबरों से बचने और ज़िम्मेदार नागरिक की तरह प्रामाणिक तथ्य साझा करने की बात पर भी जोर दिया।
संवाद के दौरान स्थानीय कंटेंट क्रिएटर्स और डिजिटल मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। मुख्यमंत्री ने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए डिजिटल क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहन देने का आश्वासन दिया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा इंफ्लूएंसर्स उपस्थित रहे।



