राजस्व कार्य ठप, आमजन को हो रही परेशानी
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत मंडला जिले के पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रही। कलेक्ट्रेट मार्ग स्थित धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पटवारी अपनी लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन करते रहे। संघ का कहना है कि जब तक शेष प्रमुख मांगों पर शासन सकारात्मक निर्णय नहीं लेता, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा।
पटवारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि सरकार द्वारा उनकी पांच सूत्रीय मांगों में से दो मांगों पर निर्णय लिया जा चुका है, लेकिन तीन महत्वपूर्ण मांगें अभी भी लंबित हैं। इनमें कैडर रिव्यू लागू कर पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ प्रदान करना, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा आयोजित करना तथा जॉब प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त वित्तीय लंबित भुगतानों का शीघ्र निराकरण और नवनियुक्त पटवारियों को 100 प्रतिशत वेतन देने की मांग भी उठाई जा रही है।
संघ का कहना है कि वर्षों से लंबित इन मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का कई बार ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इसी के चलते प्रदेशभर के पटवारियों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाया है।
हड़ताल का असर जिले की राजस्व व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, राजस्व अभिलेखों के संधारण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी शेष मांगों पर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।

.jpeg)