Breaking

revanchal times new

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026’ का शुभारंभ



ग्राम आमला,घोघरी,सिलोरा एवं रामुढाना में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित, जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं




 रेवांचल टाइम्स पांढुर्णा|मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम आमला,घोघरी,सिलोरा एवं रामुढाना में शासन द्वारा जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड सम्मिलित हुए। उन्होंने ग्रामीणजनों के बीच पहुंचकर उनसे सीधा संवाद किया तथा उनकी विभिन्न समस्याओं,शिकायतों एवं सुझावों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना।


कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की स्थानीय समस्याओं को समझना और उनके निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल करना रहा। जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए और उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, राजस्व प्रकरण, राशन, पेंशन, आवास, स्वास्थ्य सुविधाएं, कृषि सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों को अधिकारियों एवं जिला पंचायत सदस्य संदीप मोहोड के समक्ष रखा।


जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने एवं जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना, उनकी वास्तविक आवश्यकताओं को समझना और समाधान की दिशा में प्रभावी प्रयास करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान-2026 शासन और जनता के बीच सीधे संवाद को और अधिक मजबूत करने की महत्वपूर्ण पहल है। गांव-गांव पहुंचकर आमजन से संवाद करने से स्थानीय स्तर की समस्याओं की वास्तविक स्थिति सामने आती है और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना आसान होता है।


मोहोड ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, महिला, युवा एवं समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा योजनाओं से संबंधित किसी भी समस्या के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का आह्वान किया।


कार्यक्रम में उपस्थित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं आवेदनों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।


जनसंवाद के दौरान ग्रामीणजनों ने अपनी समस्याओं को प्राथमिकता से सुने जाने तथा अधिकारियों की मौजूदगी में उनके निराकरण की पहल किए जाने पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हुआ, जिससे स्थानीय समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है।


कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौसर सिद्धार्थ पटेल,तहसीलदार सौसर भावना मलगाम,खंड चिकित्सा अधिकारी रूपेश बोकड़े,पशु चिकित्सा विभाग अनुज चौधरी,मोरेश्वर मर्सकोले,राजेन्द्र भक्ते,संजय बागड़े,दिनेश भलावी,जंगल सिंग धुर्वे,प्रशासनिक अधिकारी,जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post