रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा |यौम-ए-पैदाइश-ए-रसूल के मुबारक मौके पर शहर भर में ईद-मिलादुन्नबी का त्योहार बेपनाह अकीदत, मोहब्बत और एहतराम के साथ मनाया गया।
"सरकार की आमद मरहबा" और आका की आमद की सदाओं के साथ शहर भर में आशिकान-ए-रसूल ने हरा परचम लहराकर पुरअम्न और भव्य जुलूस निकाला।
जन्नत बनेगा घर तेरा खुद आज़मा के देख,
मिलाद मेरे आका का घर में मना के देख।
गुज़रेगी तेरे घर से भी बच बच के आंधियाँ,
तू अपने घर पे परचम-ए-आका लगा के देख...
इन रूहानी पंक्तियों के पैगाम के साथ जुलूस ईद मिलादुन मैदान से शहर के प्रमुख मार्गों मानसरोवर कॉम्प्लेक्स, यातायात थाना, छोटा तालाब गणेश चौक से होकर गुजरा।
वरिष्ठ अधिकारियों ने खुद संभाला मोर्चा, नहीं लगा जाम
अमूमन हर वर्ष जुलूस के दौरान मानसरोवर कॉम्प्लेक्स और यातायात थाने के पास वाहनों का भारी दबाव और जाम की स्थिति बन जाती थी। लेकिन इस बार शहरवासियों को एक बदली हुई और बेहद सुव्यवस्थित तस्वीर देखने को मिली।
फ्लावर के पहले वाला चौक अलका टॉकीज के समीप अधिकतर जाम लगता था इस बार
ट्रैफिक डीएसपी रामेश्वर चौबे और यातायात TI लखन बघेल ने खुद सड़कों पर उतरकर मोर्चा संभाला।
अधिकारियों की ग्राउंड जीरो पर मौजूदगी और त्वरित फैसलों के चलते जुलूस के दौरान भी यातायात निर्बाध रूप से चलता रहा।
पुलिस बल की सजगता की चौतरफा सराहना
जुलूस के पूरे रूट पर सिटी कोतवाली पुलिस और जिला पुलिस बल के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। पुलिस प्रशासन के इस मुस्तैद और जन-हितैषी प्रबंधन की जुलूस आयोजकों, अकीदतमंदों और आम नागरिकों ने जमकर सराहना की। बेहतर तालमेल और सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच जश्न-ए-ईद-मिलादुन्नबी का यह पर्व शांति, सौहार्द और व्यवस्था की मिसाल के साथ संपन्न हुआ।


