दैनिक रेवांचल टाईम्स - मंडला, जिले विकासखंड बीजाडांडी की ग्राम पंचायत बरौंची में आयोजित आदिवासी महापंचायत में एक पीड़ित परिवार की समस्या को गंभीरता से सुना गया। महापंचायत में पीड़ित परिवार के साथ-साथ दूसरे पक्ष की बात भी निष्पक्ष रूप से सुनी गई तथा उपलब्ध तथ्यों पर विचार-विमर्श किया गया।
महापंचायत में दोनों पक्षों को सुनने के बाद उपस्थितजनों द्वारा यह निष्कर्ष सामने रखा गया कि वकील बृजेश यादव के विरुद्ध लगाए गए आरोप निराधार हैं। हालांकि पीड़ित परिवार की आर्थिक एवं दयनीय स्थिति को देखते हुए महापंचायत ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए आपसी सहमति से विवाद के समाधान की दिशा में पहल की।
महापंचायत की सहमति के बाद वकील श्री बृजेश यादव द्वारा पीड़ित परिवार को ₹1 लाख 50 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके साथ ही पीड़ित परिवार द्वारा विभिन्न स्थानों पर की गई शिकायतों को आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर वापस लेने के संबंध में पंचनामा तैयार किया गया। पंचनामा पर महापंचायत में उपस्थित बुद्धिजीवियों एवं गणमान्यजनों के हस्ताक्षर भी लिए गए।
महापंचायत से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र पुट्टा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य किसी पक्ष को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की बात सुनकर सत्य, न्याय, आपसी सहमति और सामाजिक सौहार्द के आधार पर विवाद का समाधान करना रहा।
उन्होंने कहा कि सामाजिक स्तर पर होने वाली ऐसी पहल का उद्देश्य विवादों को बढ़ाने के बजाय संवाद और सहमति के माध्यम से समाधान की राह निकालना है, ताकि समाज में आपसी भाईचारा और सौहार्द कायम रहे।
— राजेंद्र पुट्टा, सामाजिक कार्यकर्ता

