Breaking

revanchal times new

हर्रई में कलेक्टर का औचक निरीक्षण: लापरवाही पर BRC और छात्रावास अधीक्षक को कारण बताओ नोटिस




रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा |मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ‘मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026’ के अंतर्गत गुरुवार को अमरवाड़ा विधायक कमलेश प्रताप शाह और कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने विकासखंड हर्रई का व्यापक दौरा कर शासकीय व्यवस्थाओं का औचक जायजा लिया। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत यह निरीक्षण गुरुवार को ही संपन्न किया गया।

​निरीक्षण के दौरान शासकीय प्राथमिक शाला बसुरिया कला में अत्यधिक गंदगी और पेयजल की समुचित व्यवस्था न मिलने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्थल पर ही लापरवाही बरतने के कारण हर्रई BRC को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं, शासकीय उत्कृष्ट बालक छात्रावास हर्रई के परिसर में झाड़ियां और असंतोषजनक साफ-सफाई पाए जाने पर छात्रावास अधीक्षक को भी कारण बताओ नोटिस थमाया गया।


​बच्चों को वितरित की ड्राइंग किट, पोषण आहार की गुणवत्ता परखी

दौरे के दौरान बसुरिया खुर्द आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण में कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें ड्राइंग शीट व पेन उपहार स्वरूप भेंट किए। इस दौरान उन्होंने केंद्र में दिए जा रहे पोषण आहार की गुणवत्ता की भी जांच की। तत्पश्चात, अधिकारियों ने सिविल अस्पताल हर्रई पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की धरातली स्थिति देखी।


​जनसमस्या निवारण शिविर में समस्याओं का त्वरित निराकरण

सांदीपनि विद्यालय हर्रई में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में विधायक और कलेक्टर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने उपस्थित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने के कड़े निर्देश दिए।


​इस निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत CEO अग्रिम कुमार, अमरवाड़ा SDM हेमकरण धुर्वे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post