Breaking

revanchal times new

एकता, संस्कार और सामाजिक सुधार का संदेश देगा कुर्मी समाज


15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह, 16 अगस्त को होगा जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव


दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला। कुर्मी समाज विकास संगठन जिला मंडला द्वारा सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। समाज के सर्वांगीण विकास की दिशा में आयोजित इन कार्यक्रमों को लेकर समाजजनों में उत्साह का माहौल है।

इसी क्रम में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरदार पटेल मंगल भवन मंडला एवं बिंझिया स्थित सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल पर स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 9 बजे होगा। समाज की ख्यातिलब्ध मातृशक्तियों के कर कमलों से सरदार पटेल की प्रतिमा स्थल पर ध्वजारोहण कराने पर भी विचार किया गया है। यह पहल समाज में महिलाओं के सम्मान और उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देगी।


*हरियाली तीज महोत्सव में दिखेगी महिला प्रतिभाओं की झलक*


इसके पश्चात 16 अगस्त रविवार को प्रातः 11 बजे से सरदार पटेल मंगल भवन मंडला में जिला स्तरीय हरियाली तीज महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में महिलाओं एवं बालिकाओं की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत मेहंदी सजाओ प्रतियोगिता, भाइयों के लिए हस्तनिर्मित राखी बनाने की गतिविधि तथा महिला सशक्तिकरण को लेकर कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही समाज में प्रचलित कुरीतियों पर चिंतन करते हुए उनके उन्मूलन के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी होंगे।


*कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश*


हरियाली तीज महोत्सव में समाज में *पानी बंद करने जैसी कुप्रथाओं* पर रोक लगाने तथा सामाजिक सुधार की दिशा में सकारात्मक पहल करने पर भी चर्चा होगी। इसके लिए विभिन्न साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


*बैठक में बनी कार्यक्रमों की कार्ययोजना*


आयोजन की तैयारियों को लेकर कुर्मी समाज विकास संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव रखे तथा कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्ययोजना तैयार की।

समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इन आयोजनों का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि समाज में एकता, संस्कार, महिला सम्मान, सामाजिक समरसता और सकारात्मक बदलाव का संदेश घर-घर पहुंचाना है। स्वतंत्रता दिवस और हरियाली तीज महोत्सव के माध्यम से सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post