Breaking

revanchal times new

छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे राष्ट्रपति पदक से सम्मानित




कोरोना काल में कर्मवीर और अब राष्ट्रपति पदक: 25 वर्षों के बेदाग सफर में मिले 150 से अधिक प्रशंसा पत्र

जितेन्द्र अलबेला 

 रेवांचल टाइम्स  छिंदवाड़ा|​छिंदवाड़ा जिले और मध्य प्रदेश पुलिस बेड़े के लिए स्वतंत्रता दिवस का अवसर दोहरे गर्व का क्षण लेकर आया। राज्य पुलिस सेवा (2001 बैच) के अधिकारी व वर्तमान में छिंदवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित 'राष्ट्रपति पुलिस पदक' से अलंकृत किया गया है।





भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इसके पश्चात राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री द्वारा अपने आधिकारिक निवास पर आयोजित विशेष समारोह में भी खरे को सम्मानित किया गया। इस गौरवमयी उपलब्धि पर छिंदवाड़ा कलेक्टर हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।


उपलब्धियों से भरा 25 वर्षों का सफर

लगभग ढाई दशक के अपने सेवाकाल में आशीष खरे ने राज्य के कई संवेदनशील और महत्वपूर्ण पदों पर अपनी प्रशासनिक व मैदानी क्षमता का लोहा मनवाया है l


महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां

डीएसपी रतलाम, सीएसपी भोपाल, सीएसपी सागर, सीएसपी गुना के अलावा एआईजी एसटीएफ (STF), एआईजी ईओडब्ल्यू (EOW) और एआईजी सीआईडी (CID) जैसे महत्वपूर्ण विभागों में सेवाएं दीं।

​बटालियन कमान: 17वीं बटालियन भिंड, 10वीं बटालियन सागर और 18वीं बटालियन शिवपुरी में भी सफल पदस्थापना रही।

​पुरस्कारों का शतक: 25 साल के करियर में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उन्हें 150 से अधिक प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्राप्त हो चुके हैं।

​अन्य प्रमुख सम्मान: महामारी के दौर में निर्भीक सेवा के लिए 'कर्मवीर योद्धा पदक' और कानून-व्यवस्था में विशिष्ट योगदान के लिए 'केन्द्रीय गृह मंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक' से भी अलंकृत किया जा चुका है।


उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रपति पदक की आधिकारिक घोषणा 14 अगस्त 2025 को की गई थी, उस समय खरे पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी (सीआईडी) के पद पर कार्यरत थे। छिंदवाड़ा में पदस्थापना के दौरान मिला यह राष्ट्रीय सम्मान जिले के पुलिस महकमे के लिए एक बड़ी प्रेरणा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post