दैनिक रेवाँचल टाईम्स - नारायणगंज। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद साहब के यौमे विलादत के अवसर पर नारायणगंज में जश्ने ईद मिलादुन्नबी बड़े ही एहतेराम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंगलवार रात मदीना मस्जिद में मिलाद का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
बुधवार सुबह 9 बजे मदीना मस्जिद नारायणगंज से जुलूसे मुहम्मदिया निकाला गया। जुलूस कूड़ामैली क्षेत्र से होते हुए नारायणगंज ईदगाह पहुंचा, जहां इसका समापन किया गया। जुलूस में बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। युवाओं ने नारे लगाए और नात-ए-पाक पढ़कर पैगम्बर साहब की शान में अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान मोमिन भाइयों की ओर से लोगों को प्रसाद का वितरण भी किया गया।
पेश इमाम मोहम्मद सिद्दीक साहब ने बताया कि यौमे विलादत के अवसर पर हर वर्ष पैगम्बर साहब की शान में मिलाद और जुलूसे मुहम्मदिया का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी कार्यक्रम को आपसी भाईचारे और उत्साह के साथ आयोजित किया गया।
बच्चों और युवाओं में दिखा खासा उत्साह
जुलूसे मुहम्मदिया में नन्हे-मुन्ने बच्चों और नौजवानों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चे और युवा नए कपड़े पहनकर जुलूस में शामिल हुए तथा नात और नारों के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लोगों में उत्साह और धार्मिक भावनाओं का माहौल बना रहा।
पुलिस प्रशासन ने संभाली व्यवस्था
जुलूसे मुहम्मदिया के दौरान थाना टिकरिया पुलिस ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस जवान जुलूस के साथ मौजूद रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। इसके लिए मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पेश इमाम मोहम्मद सिद्दीक साहब, हाजी मोहम्मद शहीद मंसूरी, मुन्ना मंसूरी, अब्दुल रहीम मंसूरी, मोहम्मद जमाल अंसारी, सत्तार खान, जमील खान, ताज खान, मोहम्मद जाहिर अहमद अंसारी, सेवानिवृत्त स्वास्थ्य विभाग कर्मचारी खुर्शीद अहमद खान सहित समाज के अनेक बुजुर्ग एवं लोग मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन की ओर से थाना प्रभारी प्रदीप पांडे, अभिषेक मिश्रा, दीपक द्विवेदी, राम मसकरे सहित अन्य पुलिसकर्मी व्यवस्था में तैनात रहे।
