संत शिरोमणि त्यागी जी महाराज की प्रतिमा अनावरण को तरसी*
जिम्मेदारों की लेटलतीफी पर उठे सवाल*
मूर्ति तैयार, स्थान भी तय... फिर अनावरण में देरी क्यों?*
घुघरीवासियों में नाराजगी, बोले—आखिर कब होगा विधिवत लोकार्पण?*
दैनिक रेवांचल टाइम्स, घुघरी। तहसील मुख्यालय घुघरी की आस्था और पहचान से जुड़ी संत शिरोमणि श्री त्यागी जी महाराज की प्रतिमा स्थापित होने के बाद अब अपने विधिवत अनावरण का इंतजार कर रही है। प्रतिमा तैयार है, लेकिन अनावरण की तारीख अब तक तय नहीं होने से जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली और लेटलतीफी को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घुघरीवासियों का कहना है कि जब प्रतिमा का निर्माण और स्थापना का कार्य पूरा हो चुका है, तो फिर उसके अनावरण में आखिर इतनी देरी क्यों की जा रही है? जिम्मेदारों की ओर से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आने से लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
*मूर्ति तैयार, लेकिन अनावरण की तारीख का पता नहीं*
संत शिरोमणि त्यागी जी महाराज की प्रतिमा को लेकर स्थानीय लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। ऐसे में प्रतिमा स्थापित किए जाने के बाद भी लंबे समय तक उसका विधिवत अनावरण नहीं होना लोगों को खटक रहा है। लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य पूरा हो चुका है तो प्रशासनिक एवं संबंधित जिम्मेदारों को अनावरण कार्यक्रम की तिथि तय कर इसे विधिवत जनता को समर्पित करना चाहिए।
*क्या किसी खास मुहूर्त का इंतजार?*
प्रतिमा के अनावरण में हो रही देरी को लेकर अब चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। स्थानीय लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि क्या जिम्मेदार किसी विशेष मुहूर्त का इंतजार कर रहे हैं, या फिर प्रतिमा स्थापित करने के बाद अनावरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य को ही भूल गए हैं? वहीं घुघरी के धार्मिक लोगों का कहना है कि धार्मिक और सामाजिक आस्था से जुड़े ऐसे कार्यों में अनावश्यक देरी उचित नहीं है। यदि किसी प्रशासनिक या अन्य कारण से अनावरण कार्यक्रम लंबित है तो उसकी जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए, जिससे कि लोगों को वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
*जिम्मेदारों की उदासीनता पर सवाल*
घुघरीवासियों का कहना है कि किसी भी सार्वजनिक महत्व के कार्य की सफलता केवल निर्माण तक सीमित नहीं होती। उसे विधिवत पूर्ण कर जनता को समर्पित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। ऐसे में प्रतिमा तैयार होने के बावजूद अनावरण कार्यक्रम को लेकर स्पष्टता नहीं होना जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
अब लोगों की नजर इस बात पर है कि जिम्मेदार कब तक इस मामले में चुप्पी साधे रहते हैं और कब संत शिरोमणि श्री त्यागी जी महाराज की प्रतिमा का विधिवत अनावरण कर घुघरीवासियों की प्रतीक्षा समाप्त करते हैं।
