Breaking

revanchal times new

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक, संगठन के कामों की सराहना





.भाजपा ने पुलिस लाइन से निकली तिरंगा यात्रा


दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला। भाजपा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार में 9 से 15 अगस्त तक आयोजित किये जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को मंडला में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके शामिल रही।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा जिला कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ किया गया। तत्पश्चात भाजपा कार्यालय में जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, मोर्चा के जिला अध्यक्षों एवं जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, संत रविदास जयंती वर्ष सहित आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने मंडला जिले में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।


पुलिस लाइन से निकली भव्य तिरंगा यात्रा


बैठक के बाद सभी जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता पुलिस लाइन में आयोजित तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों एवं चौक-चौराहों से होते हुए उदय चौक पहुंची। नगरवासियों ने भी तिरंगा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा करते हुए भव्य स्वागत किया। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। तिरंगा यात्रा का समापन उदय चौक पर हुआ। यहां शहीद उदय चंद जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई।


‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान’.... संपतिया उइके


इस दौरान दौरान प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में देशभर में तिरंगा यात्रा एवं हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं है, बल्कि हमें अपने कर्तव्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों की याद भी दिलाता है। देश की आन, बान और शान के लिए हमारे असंख्य वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया है। मंडला की धरती के वीर शहीदों का भी देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।


सक्रियता एवं सामूहिक प्रयासों से ही होगा संगठन मजबूत: कोठारी


भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त करने का अभियान है। उन्होंने मंडला जिले में संगठन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामूहिक प्रयासों से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है।


मजबूती के साथ राष्ट्रभक्ति का दे संदेश...... प्रफुल्ल मिश्रा


भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से जिले के प्रत्येक घर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों का उत्साह यह दर्शाता है कि मंडला की जनता के दिल में देश के प्रति गहरा सम्मान और प्रेम है। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी के निर्देशानुसार सभी कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से आयोजित किया जाएगा। संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं।


परिवार के प्रति व्यक्त की शोक संवेदनाएं


कार्यक्रमों के पश्चात भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी राहुल कोठारी, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा एवं अन्य भाजपा पदाधिकारी नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा के घर पहुंचे। हाल ही में नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा के भाई प्रमोद कछवाहा का निधन हो गया था। भाजपा नेताओं ने उनके निवास पहुंचकर शोकाकुल कछवाहा परिवार से मुलाकात की और दिवंगत प्रमोद कछवाहा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अपनी गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।इस दौरान नेताओं ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post