सदगुरु समर्थ भैया जी सरकार एवं पद्मश्री मोहन नागर जी रहेंगे मुख्य रूप से उपस्थित
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा छिंदवाड़ा को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं विकासशील नगर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिक निगम द्वारा नगर गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जा रहा है। नगर गौरव दिवस का शुभारंभ 1 सितंबर से होगा। इस अवसर पर महापौर विक्रम सिंह अहके के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए खजरी स्थित तालाब के किनारे 551 वृक्षों का वृहद वृक्षारोपण किया जाएगा।
महापौर विक्रम सिंह अहके ने बताया कि नगर गौरव दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि छिंदवाड़ा की गौरवशाली पहचान, संस्कृति, विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। नगर के विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम द्वारा लगातार हरित छिंदवाड़ा की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर नर्मदा मिशन के संस्थापक पूज्य सदगुरु समर्थ भैया जी सरकार के कर-कमलों से नगर गौरव दिवस का शुभारंभ किया जाएगा। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में खजरी तालाब के किनारे 551 पौधों का रोपण कर प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले एवं पद्मश्री सम्मान से सम्मानित जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। पर्यावरण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए प्रेरणादायी कार्य समाज को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
महापौर विक्रम सिंह अहके ने कहा कि छिंदवाड़ा हमारा अपना शहर है और इसे स्वच्छ, सुंदर एवं हराभरा बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर गौरव दिवस के माध्यम से हम नगरवासियों को विकास और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। एक पौधा केवल पौधा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य का आधार है।
महापौर अहके के नेतृत्व में नगर पालिक निगम द्वारा शहर के विकास के साथ स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। खजरी तालाब के किनारे आयोजित होने वाला यह वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम शहर के पर्यावरण संरक्षण अभियान को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।
इस अवसर पर छिंदवाड़ा के लोकप्रिय सांसद विवेक बंटी साहू , भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष शेषराव यादव , अमरवाड़ा विधायक कुंवर कमलेश प्रताप शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहेंगे।
महापौर विक्रम सिंह अहके ने नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर नगर गौरव दिवस को जनभागीदारी का उत्सव बनाएं तथा पौधारोपण अभियान में सहभागिता कर छिंदवाड़ा को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के संकल्प को मजबूत करें।
नगर गौरव दिवस के शुभारंभ पर होने वाला यह वृहद पौधारोपण कार्यक्रम निश्चित रूप से छिंदवाड़ा के पर्यावरण संरक्षण अभियान में एक नई प्रेरणा और नई ऊर्जा का संचार करेगा।

