Breaking

revanchal times new

वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य आरती के साथ हुआ ‘छिंदवाड़ा के महाराजा’ का पटा पूजन






*14वें वर्ष में प्रवेश सर्वार्थ सिद्धि योग में शुरू हुई बप्पा के महामहोत्सव की तैयारियां, उमड़ा जनसैलाब*


रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा |शहर के सुप्रसिद्ध गणेश उत्सव 'छिंदवाड़ा के महाराजा' के 14वें वर्ष के भव्य दस दिवसीय महामहोत्सव की तैयारियां अत्यंत हर्षोल्लास के साथ शुरू हो चुकी हैं। गुप्त नवरात्रि की गणेश चतुर्थी पर, सर्वार्थ सिद्धि शुभ अमृत योग के पावन अवसर पर स्थानीय पंचमुखी हनुमान मंदिर में भगवान श्री गणेश 'छिंदवाड़ा के महाराजा' की दिव्य मूर्ति निर्माण के पूर्व 'पटा पूजन' का कार्यक्रम पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।




*सांसद बंटी विवेक साहू ने सपरिवार की पूजा*

गणराज वेलफेयर सोसाइटी व छिंदवाड़ा के महाराजा प्रबंध कार्यकारिणी समिति के संस्थापक अमित राय एवं कोषाध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी महाराजा की सुंदर, मनमोहक और भव्य प्रतिमा के निर्माण से पूर्व मुख्य पुजारी श्रवण कृष्ण शास्त्री के सानिध्य में मुख्य पटा का पूजन किया गया। साथ ही भगवान गणपति की चांदी की प्रतिमा का अभिषेक भी संपूर्ण विधिवत तौर पर संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा के लोकप्रिय सांसद बंटी विवेक साहू ने सपरिवार उपस्थित होकर पटा पूजन किया और बप्पा का आशीर्वाद लिया।


*सुप्रसिद्ध आर्टिस्ट अमन प्रजापति करेंगे प्रतिमा का निर्माण*

प्रबंधकारिणी सदस्य संदीप अग्निहोत्री एवं इमरत चक्रवर्ती ने जानकारी दी कि इस वर्ष 'छिंदवाड़ा के महाराजा' की दिव्य प्रतिमा का निर्माण शहर के सुप्रसिद्ध मूर्ति आर्टिस्ट अमन प्रजापति द्वारा किया जा रहा है। पट पूजन के माध्यम से गणराज सोसाइटी के सदस्यों और श्रद्धालुओं ने बप्पा के आगामी आगमन का मार्ग प्रशस्त किया है। इस दौरान पंचमुखी हनुमान मंदिर जनकल्याण समिति के अध्यक्ष नरेंद्र साहू एवं उनकी पूरी टीम का विशेष सहयोग रहा।


*मातृशक्ति और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह*

इस भव्य धार्मिक अनुष्ठान में 'छिंदवाड़ा के महाराजा लीजेंड लेडी ग्रुप' की मातृशक्ति सहित सैकड़ों गणेश भक्त शामिल हुए। सभी ने मिलकर बप्पा की महाआरती की और आगामी गणेश उत्सव को ऐतिहासिक व हरसोल्लास के साथ मनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में समिति के राजेश साहू ने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और आगामी 10 दिवसीय दिव्य महामहोत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने का आग्रह किया।

​ये रहे उपस्थित

इस गरिमामयी पट पूजा कार्यक्रम के दौरान संकेत पांडे, हिमांशु श्रीवास, जितेन्द्र अलबेला, गोलू, राम मोहन साहू, यमन साहू सहित गणराज वेलफेयर सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व श्रद्धालु उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post