*जितेन्द्र अलबेला*
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी निर्भीक आवाज़ और समाज सेवा में अनूठी पहचान बनाने वाली 'नंदिका टाइम्स' की प्रधान संपादक श्रीमती उषा राउत को भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) मध्य प्रदेश के महिला प्रकोष्ठ में जबलपुर संभाग अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। उनकी इस नियुक्ति से छिंदवाड़ा सहित पूरे जबलपुर संभाग के पत्रकारों और महिला मीडियाकर्मियों में हर्ष की लहर है।
संघर्षों से संवरा सफर
सबसे कम उम्र की पार्षद से संभागीय अध्यक्ष तक
उषा राउत का जीवन संघर्ष, लगन और जनसेवा की अनूठी मिसाल रहा है। छिंदवाड़ा नगर पालिका में सबसे कम उम्र की पार्षद बनकर जनसेवा की शुरुआत करने वाली उषा राउत ने अपने जीवन में तमाम चुनौतियों और विपरीत परिस्थितियों का दृढ़ता से सामना किया।
*मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है
पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है*
राजनीतिक और सामाजिक जीवन से लेकर पत्रकारिता के शिखर तक का उनका सफर हर महिला के लिए प्रेरणादायक है। पिछले 6 वर्षों से अंतर्राष्ट्रीय मानव अधिकार संगठन में महिला प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में दायित्व निभाते हुए उन्होंने हमेशा गरीबों, असहायों और ज़रूरतमंदों की निस्वार्थ मदद की है। अनेक सामाजिक संगठनों में सक्रिय रहते हुए उन्होंने धरातल पर काम किया, जिसका प्रतिफल है कि आज उन्हें देश के 24 राज्यों में फैले सबसे बड़े पत्रकार संगठन में यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
“राह के पत्थरों को चकनाचूर होना चाहिए,
वार चाहे एक हो, भरपूर होना चाहिए!
सिर्फ इतना ही नहीं कि वो हार मान ले,
वो हमारे सामने मजबूर होना चाहिए!”
संगठन को मिलेगी नई दिशा और मजबूती
यह महत्वपूर्ण नियुक्ति AIJ की राष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) श्रीमती दीपिका द्विवेदी के कुशल निर्देशन तथा प्रदेश अध्यक्ष राकेश साहू के प्रस्ताव पर, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष सुश्री तनवीर खान द्वारा विधिवत जारी की गई है। प्रांतीय नेतृत्व ने श्रीमती राउत के 12 वर्षों से अधिक के पत्रकारिता अनुभव, जनसेवा के जज्बे और संगठनात्मक निष्ठा को देखते हुए यह दायित्व आगामी 2 वर्षों के लिए सौंपा है।
“लहराएगा परचम अब नई उम्मीदों का,
हौसलों के आगे हर तूफान झुकता है!”
पत्रकारों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई होगी तेज़
उल्लेखनीय है कि 'एसोसिएशन ऑफ इंडियन जर्नलिस्ट' (AIJ) विगत 12 वर्षों से देशभर में पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए संघर्षरत है।
अपनी नियुक्ति पर संगठन का आभार व्यक्त करते हुए श्रीमती उषा राउत ने कहा,
“मुझे जो जिम्मेदारी दी गई है, उसका निर्वहन मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करूंगी। जबलपुर संभाग के सभी जिलों में महिला पत्रकारों को संगठन से जोड़ना, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना और संगठन के अनुशासन को बनाए रखते हुए इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।”
बधाइयों का लगा तांता
श्रीमती उषा राउत की इस उपलब्धि पर छिंदवाड़ा और जबलपुर संभाग के वरिष्ठ पत्रकारों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की मंगलकामनाएं व्यक्त की हैं।



