Breaking

revanchal times new

छात्रों की एकजुटता के आगे झुका प्रशासन...नई बिल्डिंग में पढ़ाई का मिला आश्वासन



दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला। अंजनिया महाविद्याल के छात्रों ने नेशनल हाईवे 30 पर जाम लगाते हुए अपनी जायज मांगों को लेकर करीब एक घंटे हो हल्ला करते रहें जिससे कि सड़क पर एक लंबा जाम लग गया और यात्री घंटों परेशान होते रहें। कहते हैं कि जब अपनी बात लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती के साथ रखी जाए तो व्यवस्था को भी सुनना पड़ता है। अंजनिया शासकीय महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने यही साबित कर दिखाया। वर्षों से जर्जर भवन में जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर छात्र आखिरकार अपनी सुरक्षा और बेहतर शिक्षा के अधिकार के लिए सड़क पर गुरुवार को उतर आए। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया और छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना।




*छात्रों का कहना था कि* महाविद्यालय की नई इमारत बन कर तैयार होने के बावजूद उन्हें स्कूल के पुराने, जर्जर और असुरक्षित भवन में बैठकर पढ़ाई करनी पड़ रही है। बरसात के मौसम में भवन की छत से प्लास्टर गिरना और भवन के अन्य हिस्सों का क्षतिग्रस्त होना लगातार दुर्घटना की आशंका पैदा कर रहा था। ऐसे में छात्रों की मांग केवल नई बिल्डिंग में स्थानांतरण की नहीं, बल्कि सुरक्षित शिक्षा के अधिकार की भी थी।

प्रारंभिक स्तर पर चौकी प्रभारी और तहसीलदार की समझाइश के प्रयास सफल नहीं हुए, क्योंकि छात्र केवल आश्वासन नहीं बल्कि ठोस निर्णय चाहते थे। अंततः बिछिया एसडीएम संस्कार बाबरिया के मौके पर पहुंचने और आगामी 15 अगस्त तक नई इमारत में पढ़ाई शुरू कराने के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना आंदोलन समाप्त किया और राष्ट्रीय राजमार्ग से जाम हटाया।

यह घटना एक सकारात्मक संदेश भी देती है कि जागरूक छात्र अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं और शिक्षा के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करना चाहते। वहीं दूसरी ओर यह सवाल भी खड़ा करती है कि जब नई इमारत तैयार हैं तो छात्रों को महीनों तक जर्जर भवन में पढ़ने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा हैं? यदि छात्रों को सड़क पर उतरना पड़ा, तो यह प्रशासनिक उदासीनता का भी प्रमाण है।

अब उम्मीद की जानी चाहिए कि प्रशासन अपने वादे पर समयबद्ध अमल करेगा और 15 अगस्त तक छात्र-छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक भवन में अध्ययन की व्यवस्था उपलब्ध कराएगा। शिक्षा का अधिकार तभी सार्थक होगा, जब विद्यार्थियों को भयमुक्त और सुरक्षित वातावरण में सीखने का अवसर मिलेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post