एसपी अजय पाण्डेय और एएसपी आशीष खरे ने नवपदोन्नत अधिकारियों के कंधे पर सजाए स्टार*
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के परिपालन में आज जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय छिंदवाड़ा में एक गरिमामय 'स्टार सेरेमनी' का आयोजन किया गया। इस गौरवपूर्ण अवसर पर विभाग में पदस्थ दो अधिकारियों के कंधे पर पदोन्नति के स्टार सजाकर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे की उपस्थिति में पुलिस कार्यालय में कार्यरत भूमेंद्र तुरकर एवं सुश्री रश्मि धुर्वे को उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत होने पर उनके कंधे पर स्टार लगाए गए और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय ने कहा
पदोन्नति केवल एक पद का विस्तार नहीं, बल्कि कर्तव्यों का नया अध्याय है। नए पद के साथ जिम्मेदारियां भी बढ़ जाती हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि दोनों अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ आम जनमानस की सेवा करेंगे। विभाग को आपसे उत्कृष्ट और मिसाली कार्य की अपेक्षा है।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने नवपदोन्नत उप निरीक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अटूट अनुशासन और जनसेवा की भावना ही पुलिस विभाग में सफलता की कुंजी है।
इस गरिमामय समारोह में जिला पुलिस कार्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारीगण भी मौजूद रहे, जिन्होंने दोनों पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया।

