दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र में स्थित वन परिक्षेत्र सिझोरा के ग्राम खटोला में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक तेंदुआ एक ग्रामीण के घर में घुस गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेंदुए का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित उपचार के लिए मुक्की वन्यजीव चिकित्सालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा अभिषेक दुबे के नेतृत्व में वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। इसके बाद सहायक संचालक आशीष कुमार पाण्डेय एवं वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल भी घटनास्थल पहुंचे और विशेषज्ञों की निगरानी में तेंदुए को सुरक्षित रूप से निश्चेत (ट्रैंक्विलाइज) कर रेस्क्यू करने की योजना बनाई गई।
क्षेत्र संचालक रविन्द्र मणि त्रिपाठी एवं उपसंचालक (बफर) सुश्री अमिता के. बी. की मौजूदगी में पूरे अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। रेस्क्यू के दौरान तेंदुए के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी ने मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार किया। बाद में उसे रेस्क्यू वाहन से मुक्की वन्यजीव चिकित्सालय भेजा गया, जहां उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार किया जाएगा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने तथा रेस्क्यू अभियान को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में पुलिस विभाग ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव आबादी क्षेत्र में दिखाई दे तो उसे घेरने, भगाने या पकड़ने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीव और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
