Breaking

revanchal times new

विकास की राह देख रहा मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन

 



दैनिक रेवाँचल रेवाँचल - मंडला।मंडला जिले का मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन आज भी विकास की राह देख रहा है। करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित इस महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन पर आज भी यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। लंबे समय से जिले की जनता, सामाजिक संगठन एवं राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति लगातार बेहतर रेल सेवाओं और मूलभूत सुविधाओं की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन आज तक इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।




यह प्रश्न आज भी मंडला जिले के हर नागरिक के मन में है कि क्या कोई जनप्रतिनिधि मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन का वास्तविक कायाकल्प कराएगा?

प्रमुख मांगें

पेंचवेली एक्सप्रेस का मंडला फोर्ट स्टेशन पर नियमित ठहराव सुनिश्चित करते हुए यात्रियों के लिए दरवाजे खोले जाएं।

मंडला फोर्ट–नागपुर के बीच रात्रिकालीन ट्रेन का शीघ्र संचालन प्रारंभ किया जाए, जिससे विद्यार्थियों, व्यापारियों, कर्मचारियों एवं मरीजों को सुविधा मिल सके।

 मंडला फोर्ट–भोपाल के बीच रात्रिकालीन ट्रेन शुरू की जाए, जिससे प्रदेश की राजधानी तक सीधा एवं सुविधाजनक रेल संपर्क स्थापित हो सके।

जबलपुर–मंडला के बीच संचालित ट्रेनों का समय यात्रियों की सुविधा के अनुसार पुनः निर्धारित किया जाए, ताकि लोग समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।


स्टेशन पर आवश्यक सुविधाएं

स्टेशन तक जाने वाले मार्ग का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराया जाए।

पूरे मार्ग एवं स्टेशन परिसर में पर्याप्त हाईमास्ट एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बंद पड़े वॉशरूम एवं शौचालय तत्काल चालू किए जाएं तथा उनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित हो।

यात्रियों के लिए स्वच्छ एवं शीतल पेयजल की स्थायी व्यवस्था की जाए।

स्टेशन परिसर में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा एवं अन्य यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाए।

पूर्व में भी इन सभी मांगों से आदरणीय रेलवे प्रबंधक श्री दीपक गुप्ता जी सहित संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, किंतु आज तक इन पर अपेक्षित कार्यवाही नहीं हो सकी है। इससे मंडला जिले के नागरिकों में निराशा व्याप्त है।


वही राष्ट्रीय रेलवे संघर्ष समिति, मंडला का मानना है कि यदि इन मांगों पर गंभीरता से कार्य किया जाए तो मंडला जिले के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा तथा जिले के पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार को नई गति प्राप्त होगी।

हम केंद्र एवं राज्य सरकार, जनप्रतिनिधियों तथा रेलवे प्रशासन से आग्रह करते हैं कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए मंडला फोर्ट रेलवे स्टेशन के समग्र विकास एवं लंबी दूरी की रेल सेवाओं के विस्तार हेतु शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

Post a Comment

Previous Post Next Post