Breaking

revanchal times new

क्राइम ब्रांच का बड़ा प्रहार: दहिसर चेक नाका पर 33 लाख का प्रतिबंधित गुटखा जब्त, एक गिरफ्तार




दैनिक रेवांचल टाईम्स - मुंबई: नेहाल हसन मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-12 ने नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात से मुंबई लाया जा रहा लाखों रुपये का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया है। पुलिस ने दहिसर चेक नाका पर छापेमारी कर माल लदे टेम्पो और चालक को अपनी गिरफ्त में ले लिया है।

नमक की बोरियों के पीछे छिपाया था 'काला कारोबार'

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आयशर टेम्पो में अवैध तरीके से गुटखा मुंबई लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दहिसर चेक नाका पर जाल बिछाया। जब संदिग्ध टेम्पो की तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गुटखे की बोरियों को नमक की बोरियों के पीछे चतुराई से छिपा रखा था। तलाशी के दौरान टेम्पो से विभिन्न ब्रांडों के गुटखे की 42 बोरियां और 15 बॉक्स बरामद किए गए।

चालक गिरफ्तार, मास्टरमाइंड की तलाश तेज

इस मामले में पुलिस ने टेम्पो चालक दिलीप कुमार पाल (30) को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह खेप मुंबई के विभिन्न इलाकों में सप्लाई की जानी थी। क्राइम ब्रांच अब इस गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह माल शहर में किसे डिलीवर किया जाने वाला था।

33 लाख रुपये की कुल संपत्ति जब्त

पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए प्रतिबंधित गुटखे की बाजार कीमत करीब 19 लाख रुपये है। वाहन (आयशर टेम्पो) सहित कुल जब्त संपत्ति का मूल्य लगभग 33 लाख रुपये आंका गया है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई

यह सफल ऑपरेशन मुंबई पुलिस आयुक्त देवेंद्र भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अपर पुलिस आयुक्त (उत्तर प्रादेशिक विभाग) शशि कुमार मीना और पुलिस उपायुक्त (जोन 12) महेश चिमटे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। क्राइम ब्रांच यूनिट-12 के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक संदीप पाटिल और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देकर अवैध कारोबारियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। फिलहाल, मामले की गहन जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post