सीएचसी घुघरी में लापरवाही पर कलेक्टर सख्त, दो अधिकारियों को नोटिस
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा, अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
रेवांचल टाइम्स, मंडला। जिले में प्रशासनिक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को घुघरी क्षेत्र का दौरा कर एसडीएम कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के साथ अस्पताल में मिली लापरवाहियों पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए दो जिम्मेदार अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एसडीएम कार्यालय में कलेक्टर ने न्यायालयीन एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालयीन अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
इसके बाद कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघरी का निरीक्षण किया। बीएमओ डॉ. नीलेश झा ने बताया कि बुधवार को ओपीडी में 84 मरीजों का उपचार किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन सीएचसी भवन का कार्य मात्र 25 प्रतिशत पूर्ण पाया गया और भवन का हैंडओवर भी लंबित मिला। इस पर कलेक्टर ने डीएचएस के इंजीनियर राजेश डोंगरे को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा विलंब का स्पष्ट स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
अस्पताल के दवा स्टोर के निरीक्षण में रिकॉर्ड में दर्ज दवाइयों और वास्तविक उपलब्धता में अंतर मिलने पर कलेक्टर ने स्टोर प्रभारी को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने दवाओं के भंडारण एवं अभिलेखों का नियमित और पारदर्शी संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर, विशेषकर मातृत्व वार्ड की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने और अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनाना सुनिश्चित करने को कहा।
वही कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने एसडीएम सचिन जैन को भी समय-समय पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



