दैनिक रेवाँचल टाईम्स - मंडला, बिछिया क्षेत्र के भ्रमण पर पहुंचे कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को ग्राम औरई में एक बगिया माँ के नाम योजना के अंतर्गत लगाई गई फलदार पौधों की वाटिका का निरीक्षण किया।
वही कलेक्टर धोटे चेतना आजीविका स्व-सहायता समूह की सदस्य सुनीला बाई के खेत पहुंचे। यहां आधा एकड़ क्षेत्र में राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मार्गदर्शन में आम और नींबू के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने समूह की दीदियों से पौधों की प्रजाति, लागत और देखभाल के संबंध में जानकारी ली। जिस पर श्रीमती सुनीला बाई ने बताया कि सभी पौधे स्वस्थ स्थिति में हैं।
इस दौरान कलेक्टर ने समूह की महिलाओं से कहा कि वाटिका के पौधों की नियमित देखभाल करते रहें। खाली जगह का सदुपयोग करते हुए अंतरवर्तीय फसलें लगाएं, जिससे अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके। उन्होंने भविष्य में उत्पादन बढ़ने पर बाजार का अध्ययन कर विपणन की योजना बनाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के समय सीईओ जनपद पंचायत बिछिया भागचंद टिमरिया सहित जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
