Breaking

revanchal times new

आज निकलेगी बंगाली समाज की भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा

 


शाम 5:30 बजे सिटी बंगाली क्लब से होगा शुभारंभ, नगर भ्रमण के बाद गुंडिचा मंदिर पहुंचेंगे भगवान*


दैनिक रेवाँचल टाईम्स - जबलपुर। सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन, सिटी बंगाली क्लब स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा आज, 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को सायं 5:30 बजे श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली जाएगी। रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र एवं बहन सुभद्रा सुसज्जित रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे तथा श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान करेंगे।


संस्था के सचिव प्रकाश साहा ने बताया कि रथयात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सायं 5:00 बजे से संकीर्तन एवं हरिनाम कीर्तन होगा। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान को रथ पर विराजमान कराया जाएगा तथा परंपरा के अनुसार ‘छेरा पहाड़ा’ की रस्म निभाते हुए शुद्ध झाड़ू से रथ के मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई की जाएगी।


रथयात्रा सिटी बंगाली क्लब परिसर से प्रारंभ होकर मालवीय चौक, सुपर मार्केट, गंजीपुरा, लार्डगंज, घमंडी चौक, बड़ा फुहारा, अंधेरदेव एवं तुलाराम चौक से होते हुए पुनः सिटी बंगाली क्लब परिसर स्थित भगवान की मौसी माँ के घर (गुंडिचा मंदिर) पहुँचेगी।


रथयात्रा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के लिए घी भात, चने की दाल एवं समोसा के महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा।


रथयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए ड्रेस कोड भी निर्धारित किया गया है। पुरुषों से पीला कुर्ता तथा महिलाओं से पीली साड़ी अथवा पीली कुर्ती पहनकर शामिल होने का आग्रह किया गया है, जिससे संपूर्ण यात्रा श्रद्धा और एकरूपता का अनुपम स्वरूप प्रस्तुत कर सके।


भगवान श्री जगन्नाथ 16 जुलाई से 23 जुलाई तक मौसी माँ के घर (गुंडिचा मंदिर) में विराजमान रहेंगे। इस दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना, संध्या आरती, भजन-कीर्तन, धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण होगा।


सिद्धि बाला बोस लाइब्रेरी एसोसिएशन, सिटी बंगाली क्लब ने समस्त श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से सपरिवार रथयात्रा में शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दिव्य दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post