Breaking

revanchal times new

राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया निरक्षरता से आजादी अभियान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने दिल्ली में दिया प्रेजेन्टेशन

मण्डला 7 फरवरी 2023

                जिले के निरक्षरों को साक्षर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मंडला द्वारा संचालित किए गए निरक्षरता से आजादी अभियान की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना की गई है। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा साक्षरता अभियान पर दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस अभियान के विभिन्न चरणों तथा उपलब्धियों के संबंध में प्रेजेन्टेशन प्रस्तुत किया। इस दौरान संयुक्त सचिव शिक्षा मंत्रालय अर्चना शर्मा, निदेशक प्रौढ़ शिक्षा, एनसीईआरटी के प्रतिनिधि और देश के सभी राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अपने प्रजेंटेशन के माध्यम से ज़िले में संचालित अभियान की जानकारी दी। केंद्र सरकार के संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस अभियान के अनेकों बिंदुओं को स्वीकार करते हुए वयस्कों के लिए बनाई जाने वाली शिक्षा नीति में शामिल करने की बात कही। मंडला में चलाया गया निरक्षरता से आज़ादी अभियान को पूरे देश में अनुकरणीय सर्वोत्‍तम अभ्यास के रूप में चुना गया है।



                अभियान के तहत कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में पंचायत स्तर पर सामाजिक चेतना केन्द्र संचालित किए गए जिनमें अक्षरसाथियों के माध्यम से ग्राम के निरक्षर व्यक्तियों को पढ़ना-लिखना सिखाने का प्रयास किया गया। इस अभियान में विभिन्न स्वयंसेवी संगठन तथा स्वयंसेवी कार्यकर्ताओं का भी अक्षरमित्र के रूप में सहयोग लिया गया। अपने प्रेजेन्टेशन में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बताया कि निरक्षरता से आजादी अभियान में जनभागीदारी पर निर्भर रहा जिसमें शासन की कोई भी राशि खर्च नहीं की गई। लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की है। इस दौरान कार्यात्मक रूप से साक्षर हुए लोगों को वित्तीय रूप से साक्षर करने का प्रयास जारी है। अभियान का द्वितीय चरण 26 जनवरी 2023 से प्रारंभ किया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post