Breaking

revanchal times new

1 से 15 फरवरी तक करें राजस्व पखवाड़े का आयोजन कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को दिए निर्देश




 

मंडला 9 जनवरी 2023

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि आगामी 1 फरवरी से 15 फरवरी तक राजस्व पखवाड़ा का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लम्बित मामलों का निराकरण सुनिश्चित करें। पखवाड़े के दौरान सभी राजस्व न्यायालयों में विशेष सुनवाई करें तथा 6 माह से अधिक समय से लम्बित प्रकरणों को निराकृत करें। 90 प्रतिशत निराकरण से अधिक का लक्ष्य लेकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि 31 मार्च की स्थिति में 6 माह से अधिक के कोई भी प्रकरण शेष नहीं रहना चाहिए।

                कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व न्यायालयों में 110, 133, 107/16 के प्रकरणों का निराकरण करें। बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें। आवश्यक सुनवाई के उपरांत उनके निराकरण की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक बुधवार को सभी तहसीलों में पटवारियों की बैठक आयोजित करें तथा पारित हुए आदेशों की प्रति उन्हें उपलब्ध कराते हुए समय-सीमा में रिकार्ड दुरूस्त कराएं। न्यायालयों से पारित आदेशों का क्रियान्वयन कराएं। निराकृत फाईलों को विधिवत रिकॉर्ड रूम में रखाएं। सभी राजस्व न्यायालयों में पेयजल, बैठक व्यवस्था, समुचित रोशनी तथा बस्ता आदि आवश्यक सुविधा तथा सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

                कलेक्टर ने कहा कि क्लस्टर पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले चौपालों में एसडीएम, तहसीलदार तथा विकासखंड स्तर के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। चौपाल के पूर्व ग्राम का भ्रमण कर समस्याओं का चिन्हांकन कर उनके निराकरण की कार्यवाही करेंगे। चौपालों में सीएम हेल्पलाईन एवं जनसुनवाई के प्रकरणों का भी निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने चौपालों के आयोजन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। सभी अधिकारी लक्ष्य के अनुरूप राजस्व की पूर्ति करें। बैठक में धारणाधिकार, ई-केवाईसी, बीएसएनएल टावर के लिए स्थल चयन, खेलो इंडिया आयोजन की तैयारी तथा सीएम आवासीय भू-अधिकार योजना आदि विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम तथा तहसीलदार उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post