Breaking

revanchal times new

जनसुनवाई में सुनी गई आमजन की समस्यायें, 72 आवेदकों ने अपनी समस्याओ को लेकर दिये आवेदन..



रेवांचल टाइम्स - प्रत्येक मंगलवार को होने वाली जनसुनवाई की कड़ी में आज 16 नवंबर 2021 को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, अपर कलेक्टर श्री शिवगोविंद मरकाम, संयुक्त कलेक्टर श्री सतीश प्रधान एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने अपनी समस्यायें लेकर आये आवेदकों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये । आज की जनसुनवाई में कुल 72 आवेदक अपनी समस्यायें एवं शिकायतें लेकर आये थे।


       जनसुनवाई में माध्यमिक शाला लिंगा की शिक्षक ममता सहारे शिकायत लेकर आयी थी कि उसका स्थानांतरण 02 सितम्बर 2021 को नांदी से माध्यमिक शाला लिंगा हो गया है और उसके द्वारा लिंगा में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया गया है। लेकिन उसे पिछले तीन से अब तक वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। जिसके कारण उसकी आर्थिक स्थिति खराब हो रही है। अत: उसे वेतन का भुगतान शीघ्र कराया जाये।


लक्ष्मीचंद को पुत्र की आंखों के ईलाज के लिए 10 हजार रुपये की सहायता


       जनसुनवाई में खैरलांजी तहसील के ग्राम बेनी का लक्ष्मीचंद गोखले अपने 09 साल के पुत्र अजय गोखले के साथ आर्थिक मदद की गुहार लगाने आया था। लक्ष्मीचंद ने बताया कि उसके पुत्र की दोनों आंखों से दिखाई नहीं देता है। जिसके कारण उसकी आंखों का ईलाज हैदराबाद के अस्पताल में किया जा रहा है। पुत्र की एक आंख का आपरेशन हो गया है और अब दूसरी आंख का आपरेशन कराना है। वह बहुत गरीब है और हैदराबाद जैसे स्थान पर आपरेशन का खर्च वहन नहीं कर सकता है। अत: उसे शासन से आर्थिक सहायता दी जाये। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने लक्ष्मीचंद गोखले की समस्या सुनने के बाद उसे जिला रेडक्रास सोसायटी की ओर से 10 हजार रुपये की राशि प्रदान की और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मनोज पांडेय को उसके बालक के ईलाज में हैदराबाद में जरूरी मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।


पंकज मड़ावी को 05 हजार रुपये की सहायता


       जनसुनवाई में ग्राम भरवेली का पंकज मड़ावी अतिक्रमण में होने के कारण उसका मकान तोड़ दिये जाने पर आर्थिक मदद देने की मांग लेकर आया था। कलेक्टर डॉ मिश्रा ने पंकज मरावी को रेडक्रास की ओर से 05 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की है।


       जनसुनवाई में ग्राम रूपझर की चन्द्रकला पटले पति की कोरोना काल में कोविड से मृत्यु हो जाने पर संबल योजना में 02 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने की मांग लेकर आयी थी। चन्द्रकला का कहना था कि 11 मई 2021 को उसके पति नरेन्द्र पटले की कोविड से जिला चिकित्सालय बालाघाट में मृत्यु हो गई है। उसका परिवार संबल कार्ड धारक होने के कारण उसे 02 लाख रुपये की सहायता राशि दिलायी जाये। वारासिवनी तहसील के ग्राम थानेगांव-कोस्ते की गीता चौहान नल-जल योजना का लाभ दिलाने की मांग लेकर आयी थी। उसका कहना था कि उनका परिवार अब तक कुएं का पानी पीता रहा है। अब गांव में नल-जल योजना आ गई है तो उसके घर में नल कनेक्शन दिया जाये।


       जनसुनवाई में किरनापुर तहसील के ग्राम खारा का संतोष कुंभरे शिकायत लेकर आया था कि उसने वर्ष 2015 में यामाहा एजेंसी बालाघाट से 01 लाख 37 हजार रुपये की राशि नगद जमा कर दो पहिया वाहन खरीदा है। एजेंसी द्वारा कहा गया था कि उसमें वाहन पंजीयन एवं बीमा की राशि भी शामिल है। लेकिन अब तक एजेंसी द्वारा उसके वाहन का पंजीयन नहीं कराया गया है और उसे बीमा के दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराये गये है। अत: उसके वाहन के पंजीयन एवं बीमा के दस्तावेज उपलब्ध कराये जायें।बालाघाट तहसील के ग्राम कटंगी की शांता बाई तिरपुड़े प्रधानमंत्री आवास योजना में आवास निर्माण के लिए सहायता दिलाने की मांग लेकर आयी थी।


रेवांचल टाइम्स लांजी, बालाघाट से खेमराज सिंह बनाफरे

Post a Comment

Previous Post Next Post