छिंदवाड़ा में ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत ‘उड़ान’ कार्यशाला, छात्राओं को डिजिटल सुरक्षा और कानूनी सहायता की जानकारी
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा

‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के अंतर्गत 01 नवंबर 2026 को माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर छिंदवाड़ा में एक दिवसीय ‘उड़ान’ कार्यशाला आयोजित की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा द्वारा यह आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशांत हुद्दार के निर्देशन में किया गया। अभियान के लिए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश छिंदवाड़ा द्वारा जिला स्तरीय कमेटी का भी गठन किया गया है।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ का शुभारंभ इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय, अमरकंटक, जिला अनूपपुर से ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के प्रशासनिक न्यायाधिपति एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के अन्य न्यायाधीशगण उपस्थित रहे।
डिजिटल सुरक्षा और मुफ्त कानूनी सहायता पर मार्गदर्शन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण छिंदवाड़ा के सचिव संकर्षण प्रसाद पाण्डेय ने बच्चों को डिजिटल प्लेटफार्म पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए, इस संबंध में विस्तृत जानकारी दी। जिला विधिक सहायता अधिकारी सोमनाथ राय ने राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, मुफ्त कानूनी सहायता और न्याय तक पहुंच के बारे में बताया।
चौकी प्रभारी धरमटेकड़ी दिनेश बघेल ने छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी।
स्वास्थ्य, भावनात्मक कल्याण और करियर पर चर्चा
बाल कल्याण समिति छिंदवाड़ा की सदस्य श्रीमती मीनाक्षी वाजपेयी ने शारीरिक स्वास्थ्य, पोषण, जीवनशैली, मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण, नींद, व्यायाम और डिजिटल संतुलन के संबंध में जानकारी दी। जेजेबी छिंदवाड़ा के पूर्व सदस्य श्यामलराव ने किशोर स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण पर मार्गदर्शन दिया। साइकोलॉजिस्ट श्रीमती अवनि वापजेयी ने छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी दी।
कन्या शिक्षा परिसर जुन्नारदेव के प्राचार्य मनोज श्रीवास्तव ने करियर विकल्प, कौशल, लक्ष्य निर्धारण, छात्रवृत्तियों और अवसरों से संबंधित जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में न्यायिक मजिस्ट्रेट छिंदवाड़ा प्रशांत सिंह, संस्था के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। आयोजन में जनजातीय कार्यविभाग छिंदवाड़ा के सहायक संचालक लक्ष्मीकांत मिश्रा और संस्था प्राचार्य वसंत सनोडिया की विशेष भूमिका रही।