Breaking

revanchal times new

ग्वारीघाट में कच्ची शराब का कारोबार पकड़ा, 56 लीटर शराब के साथ युवक गिरफ्तार

ग्वारीघाट में कच्ची शराब का कारोबार पकड़ा, 56 लीटर शराब के साथ युवक गिरफ्तार

पुलिस को देख भागने की कोशिश, चार गुम्मों में मिली कच्ची शराब; आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

दैनिक रेवाँचल टाईम्स - जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्वारीघाट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 56 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से चार गुम्मों में भरी कच्ची शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये है।



मुखबिर की सूचना पर दुर्गानगर में दबिश

पुलिस के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राज बर्मन नाम का युवक दुर्गानगर स्थित काली मंच के पास अपने घर के नजदीक कच्ची शराब बेचने के लिए खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद ग्वारीघाट पुलिस की टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।

मौके पर पुलिस को एक युवक चार गुम्मों के साथ दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम राज उर्फ रोहित बर्मन, उम्र 21 वर्ष, निवासी दुर्गानगर, काली मंच के पास, ग्वारीघाट बताया।

चार गुम्मों में मिली 56 लीटर कच्ची शराब
पुलिस ने युवक के पास रखे चारों गुम्मों की जांच की तो उनमें कुल 56 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये है।

घर पर महुआ से तैयार करता था शराब: पुलिस

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह महुआ खरीदकर घर पर ही कच्ची शराब तैयार करता था। शराब तैयार करने के बाद बची सामग्री को घर के पीछे स्थित खदान में फेंक दिया जाता था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज

ग्वारीघाट पुलिस ने 56 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए राज उर्फ रोहित बर्मन के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

इनके निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोरखपुर एम.डी. नागोतिया के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक परिणिता बेलेकर, आरक्षक गुड्डू सिंह और दीपक रजावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new