संस्कारधानी में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ, 700 खिलाड़ी और ऑफिशियल्स ले रहे हिस्सा
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने किया उद्घाटन; जूडो और गतका में प्रदेश के 9 संभागों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
दैनिक रेवांचल टाइम्स, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में 70वीं राज्य स्तरीय शालेय खेलकूद प्रतियोगिता का रविवार को एमएलबी स्कूल खेल परिसर में शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता 5 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें जूडो के 14, 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग तथा गतका के 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग में बालक-बालिकाएं भाग ले रहे हैं।
शुभारंभ समारोह महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष एवं आर्चरी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी तथा एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक विजेता महिला हॉकी टीम की कोच रैना यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन, वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न संभागों से आए प्रतिभागियों ने बैंड की मधुर धुनों के बीच आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
“सुव्यवस्थित शालेय खेलों का आयोजन जबलपुर के लिए गर्व का विषय”
महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’ ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर में लगातार सुव्यवस्थित तरीके से शालेय खेल प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन गर्व का विषय है। खेलकूद शरीर को स्वस्थ रखने के साथ व्यक्तित्व विकास और आत्मबल बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने विभिन्न संभागों से आए विद्यार्थियों को जबलपुर के प्रमुख पर्यटन एवं दर्शनीय स्थलों धुआंधार और डुमना नेचर पार्क का भ्रमण कराने की घोषणा भी की।
अखिलेश जैन ने कहा कि शालेय खेल, खेलो इंडिया और खेलो एमपी जैसे आयोजनों से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। खेल भावना जीवन में एकाग्रता, अनुशासन और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करती है।
नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए भारत माता के जयकारे के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
“मेडल ही नहीं, खेल भावना और लक्ष्य प्राप्ति भी जरूरी”
संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग घनश्याम सोनी ने कहा कि खेलों का उद्देश्य केवल मेडल या प्रमाण पत्र प्राप्त करना नहीं है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ पूरे मनोयोग और इच्छाशक्ति से सहभागिता कर अपने जीवन लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने आयोजन से जुड़े अधिकारियों को व्यवस्थाओं का पुनः अवलोकन करने के निर्देश भी दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एशियन गेम्स स्वर्ण पदक विजेता महिला हॉकी टीम की कोच रैना यादव ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और तकनीकी स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करें और भारत का नाम रोशन करें।
जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रदेश के 9 संभागों से करीब 700 बालक-बालिकाएं एवं ऑफिशियल्स सहभागिता कर रहे हैं। जूडो की प्रतियोगिताएं महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय परिसर में तथा गतका प्रतियोगिताएं दशमेश हॉल, मदनमहल में आयोजित की जा रही हैं।
15 स्कूलों में आवास, परिवहन और भोजन की विशेष व्यवस्था
खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के लिए कंट्रोल रूम, प्रतियोगिता स्थल, परिवहन, आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। शहर के 15 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में बालक और बालिकाओं के लिए पृथक-पृथक आवास की व्यवस्था की गई है। आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समितियां और दल गठित किए गए हैं।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में लोक शिक्षण भोपाल से ऑब्जर्वर डी.एस. धुर्वे, मनोज दुबे, सहायक संचालक सोनम कटारे, जिला क्रीड़ा अधिकारी मधुमिता हाजरा, संभागीय खेल अधिकारी आशा सिसोदिया, प्राचार्य संजय मेहरा, डी.के. गुप्ता, आशीष पंड्या, रुक्मणी कनौजिया, आभा वानखेड़े, माधुरी साठे, अभय नायक, अजय रजक, कृष्णकांत शर्मा, के.के. चौबे, सारिका खान, मीनूकांत शर्मा और चंद्रशेखर स्वामी सहित अधिकारी-कर्मचारी एवं आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
