Breaking

revanchal times new

138वें वर्ष में श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा, 7 अक्टूबर से 14 दिवसीय रामलीला का 4K लाइव प्रसारण

138वें वर्ष में श्री रामलीला मंडल छिंदवाड़ा, 7 अक्टूबर से 14 दिवसीय रामलीला का 4K लाइव प्रसारण

45 दिनों से कलाकार कर रहे पूर्वाभ्यास, विजयादशमी तक चलेगा मंचन; वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ाया

रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। सनातन संस्कृति और प्रभु श्रीराम की लीलाओं की ऐतिहासिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा श्री रामलीला मंडल, छिंदवाड़ा अपने गौरवशाली 138वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इसी सिलसिले में रविवार को छोटी बाजार स्थित श्रीराम मंदिर मानस भवन में मंडल की महत्वपूर्ण वार्षिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 14 दिवसीय श्रीरामलीला मंचन और विजयादशमी पर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।


दीप प्रज्वलन और राम संकीर्तन से हुई शुरुआत

मंडल अध्यक्ष अरविंद राजपूत ने बताया कि बैठक की अध्यक्षता अशोक कुमार माहोरे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और “श्री राम जय राम जय जय राम” के सामूहिक संकीर्तन के साथ हुआ। उपाध्यक्ष मयंक चौरसिया ने प्रस्तावना रखी, जबकि कोषाध्यक्ष सुभाष साहू ने विगत वर्ष अयोध्या धाम और जबलपुर में हुए मंचन का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया।

कार्यकारिणी का कार्यकाल तीन वर्ष बढ़ा

बैठक में कस्तूरचंद जैन द्वारा वर्तमान कार्यकारिणी का विवरण प्रस्तुत किया गया। इस पर सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल आगामी तीन वर्षों के लिए बढ़ाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

7 अक्टूबर से शुरू होगी 14 दिवसीय रामलीला

मुख्य निर्देशक श्रांत चंदेल ने बताया कि इस वर्ष श्रीरामलीला का शुभारंभ 7 अक्टूबर से होगा और इसका समापन 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर होगा। कलाकार पिछले करीब 45 दिनों से लगातार पूर्वाभ्यास में जुटे हुए हैं।

देश-विदेश के श्रद्धालु 4K में देख सकेंगे रामलीला

मंडल के प्रवक्ता ऋषभ स्थापक ने बताया कि इस बार छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक रामलीला का सीधा प्रसारण अत्याधुनिक 4K क्वालिटी में किया जाएगा। इससे देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु भी रामलीला का लाइव दर्शन कर सकेंगे।

अयोध्या और जबलपुर मंचन के अनुभव भी साझा

सचिव राजेंद्र आचार्य ने अयोध्या धाम और जबलपुर यात्रा के संस्मरण साझा किए। उपाध्यक्ष रोहित द्विवेदी ने राम भोग सेवा की व्यवस्थाओं की जानकारी दी, जबकि व्यासपीठ प्रमुख अनिल सेठिया ने शास्त्रीय गायन-वादन और संगीतमय तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया।

वरिष्ठ संरक्षक सतीश दुबे ‘लाला’, विजय आनंद दुबे एवं राजू चरणागर ने प्रभु श्रीराम के जीवन आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए रामलीला की परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित

बैठक में नरेंद्र साहू, धर्मेंद्र सोनू मागो, विजय पांडे, संतोष सोनी, नितिन उपाध्याय, इन्द्रजीत सिंह बैस, रिक्की खंडूजा, रामेश्वर प्रसाद चौरसिया, नरेश साहू, राजेंद्र सिंह ठाकुर, मंजीत सिंह बेदी, श्याम बाबा विश्वकर्मा, पीयूष विश्वकर्मा, हेमंत राय, रविकांत द्विवेदी, बबलू पांडे, युधिष्ठिर सोनी, गोविन्द राजपूत, हरपाल सिंह भट्टी तथा अंकुर शुक्ला सहित अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन तरुण जैन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन उपाध्यक्ष समन द्विवेदी द्वारा किया गया।

138 वर्षों की परंपरा, 45 दिनों का पूर्वाभ्यास और 4K लाइव प्रसारण—इस बार और भव्य होगी छिंदवाड़ा की श्रीरामलीला
रेवांचल टाइम्स | छिंदवाड़ा

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new