चौरई में साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों पर प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को सतर्कता का दिया संदेश
हेलमेट, सुरक्षित वाहन संचालन, अनजान लिंक और OTP से जुड़े खतरों के प्रति एमएसडब्ल्यू-बीएसडब्ल्यू विद्यार्थियों को किया जागरूक
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक अखिलेश जैन के मार्गदर्शन और विकासखंड समन्वयक सुश्री अफ़्शा खान की उपस्थिति में विकासखंड चौरई में यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एमएसडब्ल्यू एवं बीएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने और सड़क पर सुरक्षित व्यवहार अपनाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
एसआई संजय ठाकुर ने अपने सहयोगी सीताराम धुर्वे और गोपाल साहू के साथ विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हेलमेट केवल चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि वाहन चालक की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
वक्ताओं ने कहा कि शासन एवं प्रशासन द्वारा बनाए गए यातायात नियम जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बनाए जाते हैं। इनका पालन कर सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।
साइबर अपराध से बचाव की भी दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय भी बताए गए। उन्हें मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सावधानीपूर्वक करने तथा किसी भी अनजान लिंक पर बिना सत्यापन क्लिक न करने की सलाह दी गई।
विद्यार्थियों से कहा गया कि किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी से बचने के लिए हर संदेश, लिंक और कॉल की सत्यता जांचना जरूरी है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा हो या साइबर सुरक्षा, दोनों ही मामलों में सावधानी और जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण बचाव है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक सुश्री अफ़्शा खान, परामर्शदाता मनीष तिवारी, संदीप शर्मा, गहरसिंग मेहदोले, श्रीमती संगीता पाण्डेय एवं अकील अहमद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
