वन्यप्राणी संरक्षण पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता, 50 से अधिक विद्यार्थियों ने लिया भाग
कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति ने हायर सेकेंडरी स्कूल कोटलबर्री में चलाया जन-जागरूकता अभियान
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। वन्यजीवों के संरक्षण और प्रकृति के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति के तत्वावधान में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कोटलबर्री में एक दिवसीय जन-जागरूकता कार्यक्रम एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई।
कार्यक्रम में संस्था के प्रतिनिधि श्यामल राव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वन्यजीवों का मानव जीवन और प्रकृति के संतुलन में विशेष महत्व है। वन्यप्राणियों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य से जुड़ा विषय है।
उन्होंने बताया कि कुकड़ा ग्राम उत्थान समिति द्वारा 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यालयों, छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों को प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील और जागरूक बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
‘वन एवं वन्यजीव’ विषय पर हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता
अभियान की इसी कड़ी में कोटलबर्री स्कूल में ‘वन एवं वन्यजीव’ विषय पर सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 50 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को आगामी 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले समापन समारोह में मंच से पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का रहा सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता साक्षी धुर्वे, निखिल दखने तथा विद्यालय के शिक्षक सी.के. खादीकर, नंदन साहू, शोभा चौरसिया, खुशी ठाकरे, सीमा वर्मा, प्रदीप सोनी और अरबाज खान का सक्रिय सहयोग रहा।
