इंदौरी के ग्रामीण पहुंचे तहसील कार्यालय, कथित उत्पीड़न और सार्वजनिक रास्ता रोके जाने की जांच की मांग
बार-बार शिकायतों और 112 सेवा के कथित दुरुपयोग का आरोप, प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की गुहार
दैनिक रेवांचल टाइम्स, शहपुरा। ग्राम पंचायत इंदौरी के ग्रामीण मंगलवार को तहसील कार्यालय शहपुरा पहुंचे और अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के नाम ज्ञापन सौंपकर गांव में चल रहे कथित विवाद, बार-बार की जा रही शिकायतों और ग्रामीणों को परेशान किए जाने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ व्यक्तियों द्वारा गांव के लोगों के साथ लगातार विवाद किया जा रहा है और पुलिस सहित विभिन्न विभागों में बार-बार शिकायतें कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस कारण गांव का माहौल प्रभावित हो रहा है।
112 सेवा के कथित दुरुपयोग पर भी आपत्ति
ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त कारण के डायल 112 सेवा का इस्तेमाल कर पुलिस को गांव बुलाया जाता है और कई ग्रामीणों पर आरोप लगाए जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी शिकायतों की वास्तविकता की जांच कराने की मांग की।
सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण का आरोप
ज्ञापन में एक सार्वजनिक मार्ग पर कथित अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किए जाने का मामला भी उठाया गया। ग्रामीणों ने मांग की कि प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का परीक्षण करें और यदि अतिक्रमण पाया जाता है, तो नियमानुसार कार्रवाई कर रास्ता सुचारु कराया जाए।
बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्य सामने लाने, दोषी पाए जाने वालों पर वैधानिक कार्रवाई करने तथा गांव में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए हस्तक्षेप की मांग की।
आप पदाधिकारियों ने भी उठाई ग्रामीणों की मांग
ज्ञापन सौंपने के दौरान आम आदमी पार्टी डिंडोरी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट निर्मल कुमार साहू तथा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट विनय कुमार झारिया भी उपस्थित रहे। दोनों पदाधिकारियों ने प्रशासन से ग्रामीणों की शिकायतों की निष्पक्ष जांच और न्यायोचित कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों से जुड़े विवादों का समाधान तथ्यों और निष्पक्ष जांच के आधार पर होना चाहिए तथा किसी भी निर्दोष व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
