छिंदवाड़ा: सरदार पटेल जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 265 नागरिकों ने लिया लाभ
संकल्प पब्लिक स्कूल में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दीं निःशुल्क सेवाएं

छिंदवाड़ा। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शंकर नगर परतला स्थित संकल्प पब्लिक स्कूल में निःशुल्क मेगा स्वास्थ्य एवं दंत परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी, छिंदवाड़ा के इस आयोजन में कुल 265 नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त वरिष्ठ समाजसेवी विनोद तिवारी रहे और कार्यक्रम की अध्यक्षता संदीप अग्निहोत्री ने की। इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, समाजसेवी विजेंद्र भार्गव, सुश्री आराधना शुक्ला, डॉ. लता नागले, अनुज चौकसे, विजय वर्मा एवं डॉ. डी एस चौरे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया परीक्षण
शिविर में डॉ. शुभम बारंगे ने शिशु रोग, डॉ. सौरभ कुमार ने सामान्य चिकित्सा, डॉ. दिव्या खरे ने स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा डॉ. भोला यादव ने मुख एवं दंत रोग से संबंधित निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं। सामान्य बीमारियों के साथ महिला एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, दंत रोग, मधुमेह, जोड़ों के दर्द, पथरी एवं पाइल्स जैसी समस्याओं का परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। परीक्षण के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां एवं टूथपेस्ट भी वितरित किए गए।
निरोगी काया ही सबसे बड़ा धन: विनोद तिवारी
मुख्य अतिथि विनोद तिवारी ने कहा कि निरोगी काया ही सबसे बड़ा धन है। स्वास्थ्य सेवा समाज की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है और समाज के अंतिम छोर पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय एवं पुण्य का कार्य है। उन्होंने सरदार पटेल की जयंती एवं एकता दिवस पर आयोजित शिविर की प्रशंसा करते हुए आशा जताई कि संस्था ऐसे जनहितकारी आयोजन निरंतर जारी रखेगी।
संस्था अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा ने कहा कि संस्था का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना है। उन्होंने कहा, ‘मानव सेवा ही हमारा धर्म और जनकल्याण ही हमारा संकल्प है।’ इसी भावना के साथ संस्था स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है।
महिलाओं और बच्चों को किया जागरूक
डॉ. दिव्या खरे ने महिलाओं से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं एवं बीमारियों की जानकारी देते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। डॉ. लता नागले ने बच्चों को स्वस्थ रहने के सुझाव दिए तथा स्वच्छता एवं हाथ धोने के तरीके बताए।
समाजसेवा एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी चिकित्सकों को संस्था की ओर से संकल्प अंगवस्त्र, पौधे एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। पौधे भेंट करने के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश भी दिया गया।
शिविर को सफल बनाने में आशीष वर्मा, विद्यालय प्राचार्य स्तुति अग्निहोत्री, श्रीमती माया बनसिंगे, प्रशांत रोतिया, आकांक्षा शुक्ला, सोफिया खान, हिमानी सोनी एवं सुनीता चौधरी का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता डी एस चौरे ने किया। अंत में संकल्प पब्लिक स्कूल की प्राचार्य श्रीमती स्तुति अग्निहोत्री ने अतिथियों, चिकित्सकों, संस्था के सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।