बिछिया में प्रयास शिक्षा समिति ने जरूरतमंद विद्यार्थियों को बांटी निःशुल्क शिक्षण सामग्री
शिक्षा में सहयोग की पहल, सामग्री पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिले
बिछिया, मंडला। एकीकृत बालक शासकीय माध्यमिक शाला बिछिया में प्रयास शिक्षा समिति सिझौरा के तत्वावधान में जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरित की गई। विद्यार्थियों को पेन, कॉपी, स्कूल बैग, ड्राइंग शीट, ड्राइंग कलर सहित अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में सहयोग देना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता हेम सिंह मरावी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी मंडल बिछिया के मंडल महामंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी नरेश राजपूत उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष योगेश यादव, हाईस्कूल मांझीपुर के प्राचार्य अशोक वाजपेई तथा प्रयास शिक्षा समिति की अध्यक्ष एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी श्रीमती उत्तरा पड़वार शामिल रहीं।
अतिथियों ने मां सरस्वती के तैलचित्र पर तिलक-वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद विद्यार्थियों को शिक्षण सामग्री वितरित की गई। सामग्री मिलने पर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
प्रधानाध्यापक की पहल से मिला सहयोग
विद्यालय की प्रधानाध्यापक सुश्री सीमा राजपूत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं एवं समाजसेवियों से संपर्क कर जरूरतमंद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास करती रहती हैं। इसी क्रम में उन्होंने प्रयास शिक्षा समिति सिझौरा की अध्यक्ष श्रीमती उत्तरा पड़वार से संपर्क कर विद्यालय के बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की।
श्रीमती उत्तरा पड़वार लंबे समय से निर्धन, पिछड़े एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही हैं। गूंज संस्था के सहयोग से वे मंडला जिले के दूरस्थ क्षेत्रों और बैगा बहुल ग्रामों सहित विभिन्न स्थानों पर जरूरतमंद परिवारों को कपड़े तथा शालाओं में बच्चों को स्कूल ड्रेस, कॉपी, पेन, ड्राइंग शीट, खिलौने, कलर एवं अन्य शिक्षण सामग्री वितरित कर शिक्षा को बढ़ावा देने में योगदान दे रही हैं।
बच्चों की शिक्षा के लिए समाज से सहयोग की अपील
मुख्य अतिथि नरेश राजपूत ने समिति एवं विद्यालय प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना पुनीत कार्य है। ऐसे प्रयासों से गरीब एवं वंचित परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने समाजसेवी संस्थाओं से भी इस दिशा में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि अशोक वाजपेई ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके भविष्य को बेहतर बनाने के लिए समाज का सहयोग आवश्यक है। वहीं बीआरसी महोदय ने विद्यालय एवं संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शासन द्वारा बच्चों को शिक्षा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। समाजसेवी संस्थाएं और विद्यालय मिलकर कार्य करें तो बच्चों को अतिरिक्त सहयोग मिलेगा तथा उत्कृष्ट नागरिकों के निर्माण के साथ विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने में मदद मिलेगी।
समिति की अध्यक्ष श्रीमती उत्तरा पड़वार ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है। समाज के हर व्यक्ति को बच्चों की शिक्षा में सहयोग के लिए आगे आना चाहिए। जरूरतमंद विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सामग्री मिलने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे बेहतर ढंग से पढ़ाई कर सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक सुश्री सीमा राजपूत, वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती राजकुमारी वाल्के सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। अंत में सुश्री सीमा राजपूत ने श्रीमती उत्तरा पड़वार एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।