रामाकोना की भाग्यश्री चौरागड़े का एमबीबीएस में चयन, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड ने घर पहुंचकर दी बधाई
रेवांचल टाइम्स, पांढुर्णा

ग्राम रामाकोना के सफल व्यवसायी प्रहलाद चौरागड़े एवं योगिता चौरागड़े की सुपुत्री कु. भाग्यश्री चौरागड़े का मानसरोवर विश्वविद्यालय, भोपाल में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए चयन हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे ग्राम में हर्ष का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड ने उनके निवास पर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया
संदीप मोहोड ने भाग्यश्री को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी मेहनत, लगन और समर्पण ने परिवार एवं ग्राम का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भाग्यश्री भविष्य में एक कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगी और अपने माता-पिता सहित क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।
माता-पिता, भाई और गुरुजनों को दिया श्रेय
अपनी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कु. भाग्यश्री चौरागड़े ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, भाई एवं गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, मार्गदर्शन और गुरुजनों के आशीर्वाद से ही यह सफलता प्राप्त करना संभव हुआ है।
इस अवसर पर भाग्यश्री के बड़े पापा कैलाश चौरागड़े, मोरेश्वर मर्सकोले, राजेन्द्र भक्ते, नामदेव पाल, मुन्ना भाई कलाम, संतोष चौधरी, रवि नीरगुडे, अजय चौरागड़े, धर्मेंद्र नाशीने, गणेश राठौर, संजय बागड़े, वैष्णव चौरागड़े, गणेश गोले, पप्पू ठाकुर, नानू पातुरकर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।