Breaking

revanchal times new

भगत सिंह जयंती पर बुधवारी चौक में माल्यार्पण, चौराहे का नाम ‘शहीद भगत सिंह चौक’ रखने की उठी मांग

दैनिक रेवाँचल टाईम्स | मण्डला

भगत सिंह जयंती पर बुधवारी चौक में माल्यार्पण, चौराहे का नाम ‘शहीद भगत सिंह चौक’ रखने की उठी मांग

प्रतिमा के संरक्षण, सौंदर्यीकरण और परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी उठाए गए सवाल

मण्डला। अमर शहीद भगत सिंह की जयंती पर बुधवारी चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे ‘अन्ना महाराज’, आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष पंकज सोनी और भारतीय सेवा परिषद अध्यक्ष अजय वंशकार सहित सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



बुधवारी चौक का नाम ‘शहीद भगत सिंह चौक’ रखने की मांग

कार्यक्रम के दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुनील दुबे ने मांग रखी कि बुधवारी चौक का नाम अब ‘शहीद भगत सिंह चौक’ किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनके नगर पालिका अध्यक्ष कार्यकाल के दौरान नगर में देश के कई अमर शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित कराई गई थीं।

दुबे ने दावा किया कि ये प्रतिमाएं नागपुर में तैयार कराई गई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में इन प्रतिमाओं की सुरक्षा और संरक्षण पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाओं तथा उनके आसपास के स्थलों के नियमित रखरखाव की आवश्यकता बताई।

साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का मुद्दा भी उठा

आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष पंकज सोनी ने कार्यक्रम के दौरान बुधवारी चौक स्थित प्रतिमा परिसर की साफ-सफाई को लेकर नगर पालिका की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि जयंती जैसे अवसर पर भी परिसर में अपेक्षित साफ-सफाई नहीं की गई। उन्होंने शहीद स्मारकों के संरक्षण और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की मांग की।

भगत सिंह के आदर्शों को किया याद

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भगत सिंह के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और बलिदान को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि उनका जीवन त्याग, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और राष्ट्र के प्रति दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देता है।

वक्ताओं ने कहा कि महान व्यक्तित्वों की पहचान केवल पद या संपत्ति से नहीं, बल्कि उनके चरित्र और कर्मों से होती है। समय बीतने के बाद भी ऐसे व्यक्तित्वों के विचार और आदर्श समाज को प्रेरित करते रहते हैं। उपस्थित लोगों ने भगत सिंह के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए नई पीढ़ी को देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित करने की बात कही।

दैनिक रेवाँचल टाईम्स
मण्डला | भगत सिंह जयंती | बुधवारी चौक

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new