जबलपुर GRP की कार्रवाई: चोरी के 4 मामलों में ₹70,900 के मोबाइल बरामद, तकनीकी साक्ष्यों से हुई पतासाजी
रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी के मामलों में अलग-अलग टीमों ने की कार्रवाई
जबलपुर। रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल एवं सामान चोरी होने के मामलों की पतासाजी के दौरान जीआरपी जबलपुर ने चार अलग-अलग प्रकरणों में करीब 70 हजार 900 रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर अलग-अलग टीमों को कार्रवाई के लिए भेजा गया था।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक रेल जबलपुर सुंदर सिंह कनेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेल आशुतोष मिश्रा तथा उप पुलिस अधीक्षक रेल विजय गुठरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत द्वारा चोरी के प्रकरणों की पतासाजी और मोबाइल बरामदगी के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया।
पहला प्रकरण : पुलिस के अनुसार गनेश गड़ारी, निवासी ग्राम गौराहा भिटोनी, सिहोरा के कब्जे से Redmi Note 13 मोबाइल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 17,400 रुपये बताई गई है।
दूसरा प्रकरण : पुलिस ने मोहम्मद सोहैल, निवासी पचकुईया, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड, थाना हनुमानताल के कब्जे से Samsung F17 मोबाइल बरामद करने की जानकारी दी है। इसकी कीमत करीब 21 हजार रुपये बताई गई।
तीसरा प्रकरण : पुलिस के मुताबिक आकाश राजभर, मूल निवासी जौनपुर उत्तर प्रदेश एवं वर्तमान निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी महाराजपुर, आधारताल के कब्जे से Oppo कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 19,500 रुपये बताई गई है।
चौथा प्रकरण : जीआरपी ने रोहित चौधरी निवासी नरसिंह मंदिर के पास, जबलपुर से चोरी गया मोबाइल भी बरामद किया। पुलिस के अनुसार इस मोबाइल की कीमत करीब 13 हजार रुपये है।
जीआरपी के अनुसार चारों प्रकरणों में बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत 70 हजार 900 रुपये है। पुलिस ने बताया कि मामलों की पतासाजी में तकनीकी साक्ष्यों का भी सहारा लिया गया।
जीआरपी अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी, चेकिंग और तकनीकी माध्यमों से प्रकरणों की पतासाजी की जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा तथा मोबाइल और सामान चोरी के मामलों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
थाना प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शंकर सहाय, परशुराम, वीरन महोबिया, ओम प्रकाश बघेल, राजेश पाण्डेय, अनुराग तिवारी, मनीष शर्मा तथा आरक्षक राजेंद्र रजक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जबलपुर | जीआरपी | रेलवे अपराध | मोबाइल बरामदगी
