बरेलीपार स्वास्थ्य शिविर में 381 ग्रामीणों का परीक्षण, 17 मरीज बेहतर उपचार के लिए रेफर
‘सेवा, संकल्प एवं स्वास्थ्य के 100 दिन’ अभियान की श्रृंखला में आयोजित हुआ 12वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
छिंदवाड़ा। सांसद बंटी विवेक साहू के मार्गदर्शन में चल रहे ‘सेवा, संकल्प एवं स्वास्थ्य के 100 दिन’ अभियान की श्रृंखला में सोमवार को चौरई नगर मंडल के ग्राम बरेलीपार में 12वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। आयोजकों के अनुसार शिविर में कुल 381 लोगों ने पंजीयन कराया और स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
आयोजकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार शिविर में 171 महिलाओं एवं बालिकाओं तथा 210 पुरुषों, युवाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं। परीक्षण के दौरान चिन्हित 17 मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। आयोजन के दौरान चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का स्वागत भी किया गया।
पंडित रमेश दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों तक स्वास्थ्य सहायता पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में चिन्हित गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय भेजा जा रहा है और आवश्यकता होने पर आगे के उपचार के लिए बड़े चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में मौजूद जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। चौरई विधानसभा प्रभारी एवं भाजपा नेता लखन वर्मा ने अपने संबोधन में आयुष्मान भारत योजना सहित स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किया।
आयोजकों के अनुसार अभियान की अगली कड़ी में 29 सितंबर को जुन्नारदेव नगर मंडल के ग्राम पालाचौरई में उपस्वास्थ्य केंद्र के पास स्थित मैदान में 13वां निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। स्थानीय पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
कार्यक्रम में पं. रमेश दुबे, लखन वर्मा, बबलू पटेल, मंडल अध्यक्ष मदन राय, ऋषि वर्मा, वीरपाल यूनाती, जगेंद्र अल्डक, रिजवान कुरैशी, चंद्रकुमार चंदू जैन, प्रभुणारायण नेमा, दीपक खंडेलवाल, राधेश्याम रघुवंशी, अनमोल चौधरी, सुशील वर्मा, चंद्रभान सोनी, संजय तिवारी सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
छिंदवाड़ा | बरेलीपार | निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर
.png)