Breaking

revanchal times new

भानतलैया में चाकू लेकर घूम रहा 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार

रेवांचल टाइम्स | जबलपुर

चाकू लेकर घूम रहा 3 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, अवैध वसूली और चाकूबाजी के मामले में थी तलाश

हनुमानताल पुलिस ने भानतलैया क्षेत्र में घेराबंदी कर मयंक उर्फ काला को पकड़ा; पुलिस का दावा—500 रुपए नहीं देने पर युवक पर किया था चाकू से हमला

जबलपुर। हनुमानताल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे 3 हजार रुपए के इनामी आरोपी मयंक भौरेल उर्फ काला, उम्र 20 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अवैध वसूली और चाकूबाजी से जुड़े एक मामले में वांछित था। उसे भानतलैया क्षेत्र से पकड़ा गया और उसके कब्जे से एक चाकू बरामद करने की बात कही गई है।



आरोपी पर घोषित था 3 हजार रुपए का इनाम पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक की ओर से 3 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर उसकी तलाश कर रही थी।

भानतलैया में चाकू लेकर घूमने की मिली सूचना

पुलिस के मुताबिक इसी दौरान सूचना मिली कि फरार आरोपी भानतलैया क्षेत्र में चाकू लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक चाकू बरामद करने का दावा पुलिस ने किया है।

500 रुपए की मांग, इनकार पर चाकू से हमला करने का आरोप

पुलिस ने बताया कि 17 अगस्त 2026 को सिंधी कैंप निवासी अनमोल खटीक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार बकरा मार्केट के पास आरोपी मयंक ने कथित तौर पर शराब पीने के लिए उससे 500 रुपए मांगे थे।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने रुपए देने से इनकार किया तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए धारदार चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से हनुमानताल पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस ने बताया पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हनुमानताल और बेलबाग थानों में जुआ एक्ट सहित अन्य आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद कोर्ट में किया पेश

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की और न्यायालय के समक्ष पेश किया। संबंधित मामलों में आगे की विवेचना जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post