पूर्व राज्य मंत्री देव सिंह सैयाम के नेतृत्व में कृष्ण जन्माष्टमी पर भव्य आयोजन, यूकेजी के आदित्य यादव ने मटकी फोड़ व झांकी में हासिल किया प्रथम स्थान
दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला।श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर को डायमंड वैली शिक्षा समिति द्वारा संचालित डायमंड वैली प्ले स्कूल एवं कोचिंग सेंटर झुलपुर में भव्य कृष्ण जन्माष्टमी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कृष्ण-राधा की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं मटकी फोड़ कार्यक्रम में बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम का आयोजन पूर्व राज्य मंत्री एवं डायमंड वैली शिक्षा समिति झुलपुर के संरक्षक-अध्यक्ष देव सिंह सैयाम के नेतृत्व में किया गया। समारोह में जनपद पंचायत नैनपुर अध्यक्ष श्रीमती ओमवती उइके, उपाध्यक्ष एवं सरपंच पति श्री सीताराम मसराम, कोषाध्यक्ष एवं उपसरपंच गोडे लाल भांवरे, सचिव गजराज जी, सहसचिव विमल, स्कूल प्रबंधक एवं समाजसेवी शुभलेश साहू, संचालक दुर्गेश साहू सहित विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रंजीत यादव, वरिष्ठ शिक्षिका लिपिक सोना भगदिया, सांस्कृतिक प्रमुख रानू सल्लाम, खेल प्रमुख प्रकाशी मरावी, ज्योति सरोते, रविंद्र मर्रापा, अभिभावकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के 73 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत कृष्ण-राधा की झांकियों ने उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया। इसके साथ ही आयोजित मटकी फोड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन किया।
यूकेजी के छात्र आदित्य यादव, पिता परशुराम यादव एवं माता ललिता यादव ने झांकी एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर आदित्य यादव को कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों के समक्ष राशि एवं फल देकर पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री देव सिंह सैयाम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल, चित्रकला, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर स्वाध्याय एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा डायमंड वैली प्ले स्कूल द्वारा बच्चों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
वही इस कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधक एवं समाजसेवी शुभलेश साहू ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। भव्य आयोजन का समापन उत्साह और कृष्ण भक्ति के वातावरण में हुआ।
