सांसद को सौंपा ज्ञापन: लिपिकों ने उठाई मंत्रालय समान वेतनमान और CPCT सरलीकरण की मांग
मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ ने सांसद कार्यालय पहुंचकर रखा मांग पत्र, लंबे समय से लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की उठाई आवाज
रेवांचल टाइम्स, छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ (जिला छिंदवाड़ा) के तत्वावधान में शनिवार को जिले के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर छिंदवाड़ा-पांढुर्णा सांसद को ज्ञापन सौंपा गया।
संघ के प्रांताध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी के आह्वान पर आयोजित प्रदेशव्यापी अभियान के तहत छिंदवाड़ा के लिपिकों ने परासिया रोड स्थित सांसद कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखीं।
ज्ञापन में उठाई गईं प्रमुख मांगें
विभागाध्यक्ष एवं अधीनस्थ कार्यालयों में कार्यरत सहायक ग्रेड-3 लिपिकों को मंत्रालय, विधि-विधायी तथा राजभवन में कार्यरत लिपिकों के समान द्वितीय उच्चतर समयमान वेतनमान/वेतनमान प्रदान किए जाने की मांग की गई।
शासन एवं अनुकंपा नियुक्ति के अंतर्गत नियुक्त सहायक ग्रेड-3 लिपिकों के लिए CPCT की अनिवार्यता में सरलीकरण किए जाने की मांग भी ज्ञापन में प्रमुखता से रखी गई।
सांसद से सकारात्मक पहल की उम्मीद
संघ के जिलाध्यक्ष मोहित सूर्यवंशी ने कहा कि लिपिक वर्गीय कर्मचारी शासन की प्रशासनिक व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक हैं। अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर संगठन शासन स्तर पर लगातार प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों के माध्यम से सरकार का ध्यान कर्मचारियों की लंबित मांगों की ओर आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद इन मांगों को उचित मंच पर उठाकर शासन स्तर पर सकारात्मक निर्णय कराने में सहयोग करेंगे।
ज्ञापन के दौरान ये रहे मौजूद
लिपिक कर्मचारियों ने समान वेतनमान और CPCT नियमों में सरलीकरण की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए सांसद से इन मुद्दों को शासन स्तर तक पहुंचाने और शीघ्र समाधान के लिए पहल करने की अपेक्षा जताई है।
