सांसद ने चौरई में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया सैकड़ों शिक्षकों का सम्मान
समारोह में पहुंचे शिक्षकों पर सांसद ने पुष्प वर्षा कर जताया आदर
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|सनातन काल से ही भारतवर्ष शिक्षा जगत में अग्रणी रहा है। हमारे ऋषि-मुनियों, आचार्यों, कुलगुरुओं और शिक्षकों ने इस पावन धरती को अपने अथक प्रयासों से सींचा और भारत को 'विश्व गुरु' बनाया है। सच्चे अर्थों में शिक्षक ही राष्ट्र निर्माता हैं। यह विचार सांसद बंटी विवेक साहू ने चौरई के अन्नपूर्णा लॉन में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य शिक्षक सम्मान समारोह के दौरान व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान सांसद साहू ने समारोह में उपस्थित सैकड़ों शिक्षकों पर पुष्प वर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
देश के निर्माण में शिक्षकों का अतुलनीय योगदान
शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए सांसद बंटी विवेक साहू ने कहा कि अनेक विषम परिस्थितियों और अल्प संसाधनों के बावजूद हमारे शिक्षकों ने देश के भविष्य को गढ़ने में अपना संपूर्ण योगदान दिया है।
भारतवर्ष में आने वाली पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, त्याग और समर्पण की शिक्षा देने का कार्य शिक्षकों ने पूर्ण लगन और श्रद्धा से किया है। बंटी विवेक साहू, सांसद
स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की अपील
भारत के पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए सांसद साहू ने शिक्षकों से एक विशेष अपील भी की। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों और समाज को त्योहारों पर केवल स्वदेशी वस्तुओं की खरीदारी करने के लिए प्रेरित करें, ताकि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को गति मिल सके।
जनजातीय कार्य केंद्रीय राज्यमंत्री ने दी बधाई
समारोह को संबोधित करते हुए भारत सरकार के जनजातीय कार्य केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चौरई में हर वर्ष शिक्षकों का सम्मान किया जाना एक अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिले में शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए सांसद बंटी विवेक साहू एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में गणमान्य जनों की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, संदीप मोहोड़, पूर्व विधायक रमेश दुबे, जिला प्रभारी आदित्य 'बबला' शुक्ला, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरोज राधेश्याम रघुवंशी, उपाध्यक्ष श्रीमती शैलकुमारी कमलेश वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा शरद जैन, उपाध्यक्ष सिरपत नायक, भाजपा जिला उपाध्यक्ष बंटी पटेल, विधानसभा प्रभारी लखन वर्मा, मंडल अध्यक्ष मदन राय, नीरज सिंह ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, अलकेश लांबा, बिट्टू मंडराह, रवि मालवी सहित बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।



