Breaking

revanchal times new

बजाग में हवन-भंडारों से भक्तिमय हुआ माहौल, शुक्रवार तक चलेगा गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर

दैनिक रेवाँचल टाईम्स | बजाग

बजाग में हवन-भंडारों से भक्तिमय हुआ माहौल, शुक्रवार तक चलेगा गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर

वनवासी टोला में दिखी सामाजिक सौहार्द की मिसाल; विभिन्न पंडालों में हवन-पूजन, भंडारे और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन

बजाग। गणेशोत्सव के दसवें दिन बुधवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक सौहार्द का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में विधि-विधान से हवन-पूजन और भंडारे का आयोजन शुरू हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की आराधना कर सुख-समृद्धि की कामना की और भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

गणेश प्रतिमा विराजित स्थानों में दसवें दिन से हवन-भंडारे का सिलसिला भी शुरू हो गया है। नगर समेत अंचल में प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर शुक्रवार तक जारी रहेगा।

पंडालों में शुरू हुआ हवन-भंडारे का दौर

मुख्यालय में दर्जनों सार्वजनिक स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। बुधवार को आवास मोहल्ला, बीआरसी खेल मैदान के समीप वनवासी टोला और कबीर मोहल्ले सहित विभिन्न स्थानों पर हवन एवं भंडारे का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल हुए।

अधिकांश श्रद्धालुओं ने अपने घरों में भी हवन-पूजन के साथ कन्या भोज कराया। शेष गणेश पंडालों में गुरुवार को हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

वनवासी टोला में दिखा भाईचारे का संदेश

बीआरसी खेल मैदान के समीप वनवासी टोला में गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ सामाजिक सौहार्द की मिसाल भी देखने को मिली। यहां मुस्लिम समुदाय से जुड़े अवराल अल्वी ‘चिंटू भाईजान’ ने गणेशोत्सव में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

अन्य सामाजिक स्वजनों के साथ मिलकर प्रतिमा स्थापना से लेकर हवन-भंडारे की तैयारियों और आयोजन के लिए चंदा एकत्र करने तक उन्होंने सहयोग किया। पर्व को लेकर उनके सहयोग की स्थानीय स्तर पर चर्चा हो रही है।

गणेशोत्सव के दौरान यह आयोजन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं रहा, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश भी दे रहा है। पंडालों में जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर लोग एक-दूसरे के साथ पर्व की खुशियां साझा करते नजर आ रहे हैं।

पंडालों में भजन-कीर्तन से भक्तिमय माहौल

नगर के राममंदिर, बजरंग मंदिर, ठाकुरदेव बाबा मंदिर, मरखी तिराहे के समीप सहित विभिन्न गणेश पंडालों में सुबह-शाम पूजा-अर्चना, भजन, कीर्तन और आरती का दौर जारी है।

परडिया डोंगरी स्थित शारदा मंदिर और ग्राम पंचायत के निकट चबूतरा मोहल्ले में भी श्रद्धालु गणपति की भक्ति में लीन हैं। पंडालों में आकर्षक सजावट के साथ धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

शुक्रवार तक चलेगा विसर्जन का दौर

गणेशोत्सव के अंतिम चरण में नगर का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। एक ओर पंडालों में हवन, भंडारे और धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालु गणपति बप्पा को विदाई देने की तैयारियों में जुटे हैं। शुक्रवार तक अलग-अलग स्थानों से गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर जारी रहने की संभावना है।

दैनिक रेवाँचल टाईम्स | बजाग

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new