पुलिस कप्तान से AIJ प्रतिनिधिमंडल की दो टूक मुलाकात
महिला-बाल अपराध, अवैध शराब और सड़क हादसों पर बेबाक चर्चा; जनहित के मुद्दों पर पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा
दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला। जिले में कानून-व्यवस्था और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) का प्रतिनिधिमंडल जबलपुर संभाग अध्यक्ष जितेन्द्र अलबेला के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी से मिला।
सौजन्य भेंट के नाम पर हुई यह मुलाकात महज औपचारिकता तक सीमित नहीं रही, बल्कि महिला एवं बाल सुरक्षा, अवैध शराब और सड़क हादसों में घायलों की मदद जैसे ज्वलंत मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई।
अपराध पर अंकुश के लिए पुलिस की सक्रियता जरूरी
प्रतिनिधिमंडल ने महिला एवं बाल अपराधों को लेकर पुलिस की सक्रिय भूमिका और त्वरित कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान और प्रभावी पुलिसिंग को और मजबूत करने की बात रखी गई।
‘राहगीर योजना’ जमीन पर कितनी कारगर?
सड़क हादसों में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले गुड सेमेरिटन नागरिकों को प्रोत्साहित करने वाली ‘राहगीर योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल ने जोर दिया कि हादसे के समय मदद करने वाला आम नागरिक पुलिसिया कार्रवाई के डर से पीछे न हटे और व्यवस्था उसे सहयोग एवं प्रोत्साहन दे।
अवैध शराब पर सवाल—कार्रवाई दिखनी भी चाहिए
ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कथित अवैध शराब बिक्री का मुद्दा भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अवैध शराब केवल कानून के उल्लंघन का विषय नहीं, बल्कि इससे सामाजिक और आपराधिक समस्याएं भी बढ़ सकती हैं।
ऐसे मामलों में केवल कागजी कार्रवाई के बजाय मैदानी स्तर पर ठोस और निरंतर कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने दिया कार्रवाई का भरोसा
पुलिस अधीक्षक राजेश रघुवंशी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और आश्वस्त किया कि जन-सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और पारदर्शी पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने अपराध नियंत्रण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मामलों में मीडिया की सकारात्मक भूमिका की भी सराहना की।
मीडिया और पुलिस के बेहतर समन्वय पर जोर
AIJ प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर प्रकाशित करना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं को जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचाना और व्यवस्था से जवाबदेही सुनिश्चित कराना भी है।
प्रतिनिधिमंडल का मानना है कि पुलिस प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर संवाद और समन्वय से कानून-व्यवस्था एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी पहल संभव है।
AIJ प्रतिनिधिमंडल और पुलिस अधीक्षक के बीच जनहित के मुद्दों पर सार्थक संवाद
