Breaking

revanchal times new

70वीं राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का कल होगा शुभारंभ, जबलपुर में जुटेंगे 9 संभागों के खिलाड़ी

70वीं राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का कल होगा शुभारंभ, जबलपुर में जुटेंगे 9 संभागों के खिलाड़ी

21 से 25 सितंबर तक कुश्ती और वूशू के मुकाबले, करीब 790 खिलाड़ी व ऑफिशियल्स करेंगे सहभागिता

21 सितंबर को दोपहर 2 बजे रानीताल खेल परिसर में होगा उद्घाटन समारोह

दैनिक रेवांचल टाइम्स | जबलपुर। 70वीं राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन जबलपुर में 21 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे ने प्रेसवार्ता में प्रतियोगिता की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में किया जा रहा है और इसके सफल संचालन का दायित्व जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को सौंपा गया है।

9
संभागों की सहभागिता
लगभग 790
खिलाड़ी व ऑफिशियल्स
28 बसें
आवागमन की व्यवस्था
15 विद्यालय
आवास की व्यवस्था

रानीताल खेल परिसर में होगा उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 21 सितंबर 2026 को दोपहर 2 बजे खेल एवं युवा कल्याण विभाग के स्टेडियम, रानीताल खेल परिसर जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। उद्घाटन एवं समापन समारोह में विभिन्न शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रंगारंग प्रस्तुति भी देंगे।

कुश्ती और वूशू में खिलाड़ी दिखाएंगे दम

प्रतियोगिता के अंतर्गत कुश्ती फ्रीस्टाइल 17 वर्ष बालक-बालिका वर्ग तथा कुश्ती ग्रीकोरोमन 17 वर्ष बालक वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

इसके साथ वूशू के बालक-बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। आयोजन में प्रदेश के नौ संभागों से चयनित खिलाड़ी जबलपुर पहुंचेंगे।

अलग-अलग स्थानों पर होंगे मुकाबले

कुश्ती: फ्रीस्टाइल 17 वर्ष बालक-बालिका एवं ग्रीकोरोमन 17 वर्ष बालक वर्ग के मुकाबले एमएलबी स्कूल के इनडोर हॉल में आयोजित किए जाएंगे।

वूशू: मुकाबले खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बैडमिंटन हॉल, रानीताल खेल परिसर में आयोजित किए जाएंगे।

खिलाड़ियों के ठहरने के लिए 15 विद्यालयों में व्यवस्था

प्रदेश के अलग-अलग संभागों से आने वाले बालक एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए पृथक-पृथक आवास व्यवस्था की गई है। शहर के 15 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में खिलाड़ियों और संबंधित दलों के ठहरने की व्यवस्था रहेगी।

खिलाड़ियों के आवागमन के लिए 28 बसें

खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल्स को आवास स्थल से प्रतियोगिता स्थल तक लाने और वापस पहुंचाने के लिए प्रत्येक संभाग की आवश्यकता के अनुसार व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से कुल 28 बसों की व्यवस्था की गई है।

कई विभागों के समन्वय से होगा आयोजन

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यातायात पुलिस, नगर पालिक निगम, जिला स्वास्थ्य सेवाएं और खाद्य विभाग सहित संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता में ये रहे मौजूद

प्रेसवार्ता में जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे, जिला क्रीड़ा अधिकारी मधुमिता हाजरा, प्राचार्य आशीष पंड्या, बीएसी अजय रजक, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, चंद्रशेखर स्वामी एवं सुधीर अवधिया उपस्थित रहे।

दैनिक रेवांचल टाइम्स
जबलपुर | राज्य शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता | कुश्ती | वूशू

Post a Comment

Previous Post Next Post
revanchal times new