Breaking

revanchal times new

वर्षों से लंबित मांगों को लेकर पटवारियों की बस्ताबंद हड़ताल शुरू




दैनिक रेवांचल टाइम्स भोपाल-मध्यप्रदेश पटवारी संघ द्वारा अपनी वर्षों से लंबित पांच सूत्रीय मांगों के समर्थन में 03 अगस्त 2026 से प्रदेशव्यापी बस्ताबंद हड़ताल प्रारंभ कर दी गई है। हड़ताल के प्रथम दिवस ही प्रदेश के राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा से पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक का वातावरण सकारात्मक रहा तथा राजस्व मंत्री ने पटवारियों की मांगों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रुख अपनाते हुए उन्हें मुख्यमंत्री के समक्ष गंभीरता से रखने का आश्वासन दिया।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश पटवारी संघ लंबे समय से अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत है। इनमें सर्वाधिक महत्वपूर्ण मांग कैडर रिव्यू, समयमान वेतनमान की विसंगति का निराकरण एवं पदोन्नति व्यवस्था लागू किए जाने की है। संघ का कहना है कि यही मांग पिछले लगभग 25 वर्षों से लंबित है और पटवारियों के हितों से सीधे जुड़ी हुई है।

संघ की अन्य प्रमुख मांगों में पटवारियों को जजेस प्रोटेक्शन एक्ट का संरक्षण प्रदान किया जाना, संघ पदाधिकारियों के स्थानांतरण नीति के विरुद्ध किए गए स्थानांतरण निरस्त करना, विभिन्न विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन के बदले देय मानदेय का नियमित भुगतान तथा नायब तहसीलदार पद हेतु विभागीय परीक्षा का शीघ्र आयोजन शामिल है।

संघ ने बताया कि सरकार ने कुछ मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रमुख सचिव, राजस्व डॉ. रमेश कुमार द्वारा निर्देश जारी किए गए हैं कि पटवारियों के विरुद्ध बिना प्रारंभिक जांच के एफआईआर दर्ज नहीं की जाएगी, साथ ही कृषि एवं अन्य विभागों की योजनाओं में कार्य करने वाले पटवारियों के लंबित मानदेय के शीघ्र भुगतान के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

प्रदेशाध्यक्ष श्री उपेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि सरकार का रुख सकारात्मक है, किंतु पटवारियों की सबसे महत्वपूर्ण मांग कैडर रिव्यू एवं समयमान वेतनमान का समाधान अब तक नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा तैयार किए गए कैडर रिव्यू प्रस्ताव पर पटवारी संघ अपनी सहमति पहले ही दे चुका है, लेकिन अब तक उस प्रस्ताव को लागू नहीं किया गया है। उनका कहना है कि, कैडर-रिव्यू लागू होने से पदोन्नति और समयमान वेतनमान, दोनों समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है, इसलिए प्रदेशभर के पटवारी इसके समर्थन में एकमत हैं।

 वहीं जबलपुर संभाग के सिवनी, बालाघाट,मंडला, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर,कटनी जिले के पटवारी भी एक जुट होकर पूरी शिद्दत से अपनी जायज मांगों को लेकर हड़ताल करने पंडालों में डटे हैं।

संघ ने आशा व्यक्त की है कि, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार पटवारियों की वर्षों पुरानी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर उनके साथ न्याय करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post