देश की 9 पवित्र नदियों और माँ नर्मदा का जल लेकर महादेव का जलाभिषेक करेंगे लाखों शिवभक्त
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा |पवित्र सावन माह और नागपंचमी के पावन अवसर पर छिंदवाड़ा जिले के ग्राम नेर के तत्वावधान में ऐतिहासिक नागद्वारी यात्रा के दौरान एक अभूतपूर्व धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। आगामी 17 अगस्त 2026 (सोमवार) को पचमढ़ी से चौरागढ़ भूराभगत महादेव मंदिर तक एक अति-भव्य एवं विशाल कांवड़ पदयात्रा निकाली जाएगी। इस कांवड़ यात्रा की विशेष बात यह होगी कि इसमें श्रद्धालु माँ नर्मदा के पावन गंगाजल के साथ-साथ देश की नौ प्रमुख पवित्र नदियों का जल लेकर महादेव के दरबार पहुंचेंगे।
समिति के अध्यक्ष जयकुमार नागवंशी (हनुमान भक्त) ने बताया कि नागद्वारी यात्रा के अंतर्गत आयोजित इस कांवड़ यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत सहित संपूर्ण विश्व के कल्याण, सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करना है। धार्मिक आस्था और शिवभक्ति से सराबोर यह आयोजन पूर्ण उत्साह, नियम और श्रद्धा के साथ संपन्न होगा। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मध्य प्रदेश समेत देश-विदेश से लाखों शिवभक्तों के जुटने की संभावना है।
विधि-विधान से शुरू होकर दुर्गम जंगलों से गुजरेगी यात्रा
यात्रा का शुभारंभ पचमढ़ी से वैदिक विधि-विधान और विशेष पूजा-अर्चना के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत, "बम-बम भोले", "हर-हर महादेव" और "जय श्री राम" के गगनभेदी जयघोषों के साथ कांवड़िए अपनी पदयात्रा प्रारंभ करेंगे। श्रद्धालु घने जंगलों, प्राकृतिक वादियों और कठिन रास्तों से होते हुए चौरागढ़ भूराभगत महादेव मंदिर पहुंचेंगे, जहां भगवान भोलेनाथ एवं भूराभगत का पवित्र जल से जलाभिषेक तथा विशेष आरती के साथ यात्रा का विश्राम होगा।
प्रथम वर्ष की यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह
प्रथम वर्ष आयोजित हो रही इस कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र के शिवभक्तों और युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। आयोजक समिति के अध्यक्ष जयकुमार नागवंशी ने देश भर के सभी श्रद्धालुओं, धर्मप्रेमी बंधुओं, युवाओं एवं महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर इस पावन नागद्वारी कांवड़ यात्रा को सफल बनाने और पुण्य लाभ अर्जित करने की भावपूर्ण अपील की है।


