Breaking

revanchal times new

राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान में पांढुर्णा में निकली भव्य मशाल यात्रा,राष्ट्रभक्ति के जयघोष से गूंजा शहर



रेवांचल टाइम्स पांढुर्णा सौसर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सम्मान एवं उसके अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी जिला पांढुर्णा के तत्वावधान में भव्य मशाल यात्रा एवं राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिकों,पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।



मशाल यात्रा के दौरान हाथों में प्रज्वलित मशालें और हृदय में राष्ट्रभक्ति की भावना लिए कार्यकर्ता एवं नागरिक आगे बढ़े। ‘वंदे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’ एवं राष्ट्रभक्ति के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। यात्रा के मार्ग में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।


कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गौरव, सम्मान और उसकी ऐतिहासिक भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा राष्ट्रगीत के प्रति प्रत्येक देशवासी के सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना रहा।


इस अवसर पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य वैशाली महाले,जिला महामंत्री देवेन्द्र गायकवाड़ जिला उपाध्यक्ष उज्जवल सिंह चौहान,यादोराव डोबले,सीताराम कोरडे, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष विलास खिरडकर,ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष रामेश्वर खोडे,अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष खेमराज सोनेकर सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी,जनप्रतिनिधिगण,मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, युवा कार्यकर्ता, महिला कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिक उपस्थित रहे।


मशाल यात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। मशालों की रोशनी और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगीत के सम्मान एवं राष्ट्र प्रथम की भावना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


कार्यक्रम के दौरान सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया गया। उपस्थित जनसमुदाय ने एक स्वर में राष्ट्रगीत का गायन कर देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।


भाजपा जिला पांढुर्णा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि राष्ट्रगीत केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि भारत की स्वतंत्रता, संघर्ष, स्वाभिमान और राष्ट्रप्रेम की गौरवशाली भावना का प्रतीक है। इसके सम्मान के लिए प्रत्येक देशवासी सदैव प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

Previous Post Next Post